संदिग्ध परिस्थितियों में 14 साल की दुष्कर्म पीड़िता जली, परि‍वार ने लगाए ये गंभीर आरोप

संदिग्ध परिस्थितियों में 14 साल की दुष्कर्म पीड़िता जली, परि‍वार ने लगाए ये गंभीर आरोप

बुलंदशहर। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती के द्वारा आत्महत्या करने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 14 साल की दुष्कर्म पीड़िता मंगलवार की सुबह अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई। परिजनों का आरोप है कि दुष्कर्म करने वाले युवक का चाचा उन पर फैसले का दबाव बना रहा था। फैसले नहीं करने पर आरोपित का चाचा अपने एक साथी के साथ आया और मंगलवार की सुबह लड़की में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लड़की को जिला अस्पताल से दिल्ली से रेफर कर दिया है।

यह है पूरा मामला

दरअसल, 14 अगस्त की शाम को इस गांव की रहने वाली एक 14 वर्षीय लड़की अपने गांव के बाहर बाग में अमरूद लेने के लिए गई थी। लड़की गायब हो गई। देर रात तक भी घर नहीं लौटी। रातभर लड़की को खेतों में तलाशा गया। 15 अगस्त की सुबह लड़की एक ईख के खेत में बेहोशी की हालत में मिल गई। लड़की के परिजनों को देखकर गांव धामनी निवासी हरिचंद पुत्र पिताबंर ईख के खेत से भागने लगा, लेकिन लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। लड़की ने होश में आने के बाद बयान दिया कि हरिचंद ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। जिसके बाद आरोपित को पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया। वर्तमान में आरोपित हरिचंद जेल में बंद है।

यह है परिजनों का कहना

लड़की के पिता का कहना है कि सोमवार की शाम आरोपित हरिचंद का चाचा संजय अपने एक साथी के साथ उनके घर पर आया और उसने फैसले का दबाव बनाया। पिता ने इन्कार कर दिया। अब पिता का आरोप है कि मंगलवार की सुबह संजय अपने एक अन्य साथी के साथ उनके घर पर उस समय आया, जब उनका पूरा परिवार दूसरे मकान में गया हुआ था। घर पर केवल लड़की थी। उसी समय संजय ने अपने साथी के मिलकर लड़की में आग लगा दी। जिसके बाद लड़की को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां पता चला कि लड़की 60 से 70 फीसद जली हुई है। जिसके बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया।

यह है पुलिस का पक्ष

एसएसपी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि लड़की मंगलवार की सुबह संदिग्ध हालत में जली है। जिस युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। वह जेल में है। मुकदमे में चार्जशीट जा चुकी है। यह जांच का विषय है कि आरोपित पक्ष फैसले का दबाव बना रहा था या नहीं। आग लड़की ने लगाई गई है या नहीं। इसकी जांच चल रही है। 

Post a Comment

0 Comments