विख्यात तबला वादक को संगीत जगत के लोगों ने दी श्रद्धांजलि

जौनपुर। शहर के हुसेनाबाद निवासी विख्यात तबला वादक एवं टीडी इंटर कालेज के पूर्व प्राचार्य वीरेंद्र सिंह के निधनोपरांत संगीत जगत के लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित किया। पूर्व प्राचार्य के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके शिष्य उत्तर प्रदेश संगीत नाटक एकाडमी के सदस्य गोपाल मिश्र ने बताया कि विरेन्द्र सिंह तबले के प्रकांड विद्वान थे। वे दिल्ली घराने का प्रतिनिधित्व करते थे और उनके अनेक शिष्य संगीत जगत में सेवारत हैं। कुछ दिनों पूर्व तबीयत थोड़ी खराब हुई जिसके कारण बीएचयू में भर्ती किये गये जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। श्री सिंह के छोटे भाई जितेंद्र सिंह उस्ताद अमजद अली खान के शागिर्द हैं जो सितार वादन में ख्यातिलब्ध कलाकार हैं। इनके पिता मुखराम सिंह टीडी पीजी कालेज में संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। वहीं मुम्बई के शास्त्रीय गायक देवानन्द पाठक, विशेष नारायण मिश्र, दिल्ली विश्वविद्यालय के तबला विभागाध्यक्ष डॉ. रिषितोष, डॉ. नरेन्द्र देव पाठक सहित तमाम कलाकारों ने श्री सिंह के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments