यूपी में तेंदुआ ने मासूम बच्चे को बनाया निवाला,दहशत

यूपी में तेंदुआ ने मासूम बच्चे को बनाया निवाला,दहशत
बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच में सोमवार रात घर के बाहर निकली आठ वर्षीय बालिका को तेंदुए ने निवाला बना लिया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस, प्रशासनिक व वनाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझााकर शांत कराया। मामला मूर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के मझरा धोवियनपुरवा का है। दरअसल, कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा रेंज के धोवियनपुरवा निवासी आठ वर्षीय रोशनी पुत्री खलील रात साढ़े नौ बजे अपने घर के बाहर खड़ी थी। अचानक जंगल से निकले तेंदुए ने बालिका पर हमला कर उसकी गर्दन को दबोच लिया। इससे बालिका की मौत हो गई। काफी देर तक बालिका घर वापस नहीं लौटी तो परिवारजन उसे तलाशने के लिए बाहर निकले। इस दौरान बेटी को तेंदुए का निवाला बनते देखा। शोर मचाने पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने हाका लगाया तो तेंदुआ बालिका के शव को छोड़कर जंगल में भाग गया। जानकारी पाकर कोतवाल अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसडीएम मिहीपुरवा ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, रेंजर इरफान अंसारी, वार्डेन एके त्यागी, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के दबीर हसन मौके पर पहुंचे। डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments