पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि जनता के साथ विश्वासघातः डा. सत्येन्द्र सिंह

जौनपुर। राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष डा. सत्येन्द्र सिंह ने कहा है कि बहुत ही विश्वास के साथ आम जनता ने केन्द्र एवं प्रदेश में प्रबल बहुमत से भाजपा को भेजा लेकिन सरकार बनते ही भाजपा ने मनमानी शुरू कर देश एवं प्रदेश की जनता से विश्वासघात किया। केन्द्र सरकार की मनमानी एवं गलत नीतियों के कारण घरेलू गैस व डीजल और पेट्रोल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। रोजाना डीजल, पेट्रोल में मूल्यवृद्धि के कारण भाड़ा महंगा हो रहा है। रोजमर्रा सामान के दाम भी बढ़ रहे हैं जिससे इसकी मार आम जनता भुगत रही है। सरकार की मनमानी एवं गलत नीतियों के कारण बढ़ती मंहगाई ने कोहराम मचा रखा है। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी की थाली में अब नमक रोटी ही बची है, प्याज भी लगभग थाली से गायब है। सिलेंडर की कीमतों ने गृहणियों का बजट बिगाड़ दिया है। मध्यम वर्ग पर महंगाई की बड़ी मार है। पूर्व की सरकारों के समय महंगे सिलेंडर, पेट्रोल व डीजल के दामों पर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने वाले भाजपा के उन नेताओं को अपनी सरकार में महंगाई नजर नहीं आ रही है। सब के सब चुप्पी साधे बैठे हुए हैं। केन्द्र सरकार से मांग है कि सरकार पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू गैस के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी वापस लें।

Post a Comment

0 Comments