स्टंटबाजी, अवैध ब्लैक फिल्म और अनधिकृत हूटर के खिलाफ चला विशेष चेकिंग अभियान
जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जौनपुर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान स्टंटबाजी करने वालों, वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म लगाने और अनधिकृत हूटर का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 532 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को सीज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. यश वीर सिंह के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के तहत प्रमुख चौराहों, तिराहों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने विशेष रूप से उन वाहन चालकों पर नजर रखी, जो सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी कर रहे थे या यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए स्वयं के साथ दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे थे। इसके अलावा वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म लगाने और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
जौनपुर पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी अथवा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से बचें। वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और अनधिकृत हूटर का प्रयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जौनपुर पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

0 Comments