प्रयागराज: शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मौहरिया में घर के बाहर सो रहे किसान की धारदार हथियार व वज़नदार वस्तु से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। सुबह पता चलने पर परिवार में कोहराम मच गया। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले में महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
48 वर्षीय महेश दत्त तिवारी पुत्र सूर्य दत्त तिवारी निवासी ग्राम देवरा मौजा मौहरिया खेती किसानी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। रविवार की रात खाना खाकर घर के बाहर दरवाज़े पर चारपाई पर सो गए। उनकी रोज़ भोर में उठने की आदत थी। न उठने पर पत्नी गायत्री देवी ने दोे-तीन बार बुलाया, लेकिन जवाब न मिलने पर गायत्री देवी भागकर बाहर गईं तो देखा चारपाई पर महेश दत्त की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।
उनके सिर, गले, कनपटी पर वार किया गया था। गायत्री देवी की चीख पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य दौड़े। मौके पर एसपी यमुनापार, क्षेत्राधिकारी बारा, थानाध्यक्ष शंकरगढ़ और कौंधियारा के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वाएड और फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल कराई। मृतक के तीन बेटे सुरेंद्र तिवारी, विजेंद्र तिवारी व जितेंद्र तिवारी हैं।
वह गांव से बाहर सड़क के किनारे घर बनाकर परिवार सहित रहते थे। मृतक के पुत्र सुरेन्द्र दत्त तिवारी ने तहरीर देते हुए गांव के ही अवधेश सिंह पटेल, उसकी पत्नी व उसके साढ़ू पर हत्या का आरोप लगाया है। यह भी चर्चा है कि महेश के बेटों में आपसी विवाद चल रहा था।
अवधेश सिंह का महेश के एक बेटे के यहां आना जाना था। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया और आरोपी अवधेश सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष शंकरगढ़ वेद प्रकाश पांडेय का कहना है कि हत्या का जल्द खुलासा हो जाएगा।

0 Comments