जानिए क्यों भाजपा और कांग्रेस के कई मजबूत कार्यकर्ताओं ने थामा AAP का दामन?

जानिए क्यों भाजपा और कांग्रेस के कई मजबूत कार्यकर्ताओं ने थामा AAP का दामन?

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दरअसल, राजस्थान में जहां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी उठापटक चल रही है, वहीं दिल्ली में इन दोनों दलों से कई मजबूत कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) में शामिल हो गए। पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, विधायक दिलीप पांडेय और AAP से दिल्ली नगर निगम इंचार्ज दुर्गेश पाठक ने इन लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

शामिल होने वालों में तिमारपुर के मुखर्जी नगर वार्ड से कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र भाटी (लाला) और उत्तर-पूर्वी लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के ट्रेड विंग अध्यक्ष विजय बंसल मुख्य रूप से शामिल हैं। जिन्होंने कई समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।

लगातार बढ़ रहा AAP का परिवार

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चुनाव के पहले और चुनाव के बाद भी आम आदमी पार्टी का परिवार लगातार बढ़ रहा है। बहुत सारे लोग पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर परिवार का हिस्सा बन रहे हैं। शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि इस नये परिवार में सभी काम करने में आनंद आएगा। 

यहां पर बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 62 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 में AAP ने 67 सीटें जीतीं थी। जहां तक AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल की है तो उन्होंने दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के उस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है, जिसमें शीला 3 बार दिल्ली की सीएम बनीं। अरविंद केजरीवाल की उपलब्धि इस मायने में खास हो जाती है कि पार्टी को बने एक दशक भी नहीं हुआ और वह इतना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है।

Post a Comment

0 Comments