तो क्या गैंगस्टर विकास दुबे का भाई करेगा सरेंडर,पुलिस अलर्ट



तो क्या गैंगस्टर विकास दुबे का भाई करेगा सरेंडर,पुलिस अलर्ट
लखनऊ । कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के भाई दीप प्रकाश का पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी है। सोमवार को दीप प्रकाश के न्यायालय में आत्मसमर्पण की तैयारी की सूचना पाकर पुलिस की टीमें अलर्ट हो गईं। पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और कोर्ट के बाहर भी मुस्तैद रही। हालांकि दीप प्रकाश का कोई सुराग नहीं मिला। दीप प्रकाश के घरवालों का कहना है कि तीन जुलाई से वह फरार है। तब से उसने परिवार के लोगों से भी संपर्क नहीं किया है। 


पुलिस का कहना है कि दीप प्रकाश का मोबाइल फोन लगातार बन्द जा रहा है। दीप प्रकाश ने अभी तक पत्नी अंजली व परिवार के अन्य सदस्यों से संपर्क नहीं किया है। सर्विलांस के जरिए आरोपित के बारे में पता लगाया जा रहा है। दीप प्रकाश के खिलाफ जालसाजी व अन्य धाराओं में कृष्णानगर थाने में एफआइआर दर्ज है। एसीपी कृष्णानगर दीपक कुमार सिंह के मुताबिक आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद उससे फर्जीवाड़े के बारे में जानकारी की जाएगी। इसके साथ ही विकास से जुड़े मामले में दीप प्रकाश की क्या भूमिका है, इसकी जानकारी भी जुटाई जाएगी। 
अगर दीप प्रकाश की संलिप्तता प्रकाश में आती है तो उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कानपुर पुलिस और एसटीएफ की टीमें करेंगी। गौरतलब है कि दो जुलाई की रात में कानपुर में दबिश देने गई पुलिस टीम पर विकास दुबे और उसके साथियों ने हमला बोल दिया था। गोलीबारी में सीओ समेत पुलिस के आठ जवान शहीद हो गए थे। विकास को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। ट्रांजिट रिमांड पर लाते समय कानपुर में वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो गया था और विकास ने भागने की कोशिश की थी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में विकास दुबे मारा गया था।

Post a Comment

0 Comments