आज़मगढ़ में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीर

आजमगढ़:  जनपद में कोरोना संक्रमण के ग्राफ ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को फिर एक साथ 12 मरीज़ों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। लखनऊ लैब से आई रिपोर्ट में आठ मेंहनगर के एक परिवार के हैं। अहरौला ब्लाक में भी पति-पत्नी संक्रमित मिले हैं। परशुरामपुर सीएचसी के लैब टेक्निशियन और पल्हनी ब्लाक के नंदगांव में एक किशोरी में भी संक्रमण मिला है। अब संक्रमितों की संख्या 255 पहुंच गई है। इसमें 65 सक्रिय है, 183 स्वस्थ हो चुके हैं। सात मरीज़ों की मौत हो चुकी है।

मेंहनगर कस्बे में एक परिवार के आठ सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस परिवार के एक महिला की शादी मऊ के घास बाज़ार में हुई है। 10 जून को महिला मायके आई थी। 21 जून को वापस जाते समय महिला एक्सीडेंट में घायल हो गई थी। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां कोविड-19 टेस्ट में 26 जून को पॉज़िटिव आई थी।

इसके बाद महिला मेडिकल कालेज और वहां से वाराणसी रेफर कर दी गई थी। महिला के मायके में 14 लोग और ससुराल में छह लोगों की सैंपलिंग कराई गई थी। मायके में तीन महिलाओं समेत आठ लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इससे पूरे कस्बे में हड़कंप मचा है। इसके साथ ही अहरौला में भी पति-पत्नी संक्रमित मिले हैं। दोनों 29 जून को मुंबई से आए थे। इसके बाद सैंपलिंग कराई थी। अब दोनों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है।

पल्हना ब्लाक के नंदगांव में एक किशोरी पॉज़िटिव हुई है। इस परिवार में एक व्यक्ति पहले भी संक्रमित मिला था। वहीं स्वास्थ्य विभाग के परशुरामपुर सीएचसी में तैनात लैब टेक्निशीयन भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि  नए मरीज़ों को आइसोलेट कराया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments