प्रयागराज में कोरोना से मरने वालों की संख्या का तेज़ी से बढ़ रहा ग्राफ

प्रयागराज: एक तरफ कोरोना के मरीज़ों की संख्या बढ़ रही है तो दूसरे तरफ मरने वालों का भी ग्राफ बढ़ रहा है। रविवार को एक महिला सहित दो कोरोना पॉज़िटिव की मौत हो गई है। महिला कैंट इलाके की रहने वाली है जबकि पुरूष रानीमंडी इलाके का रहने वाला है।

पुरूष कैंसर का मरीज़ था जबकि महिला को शुगर और बीपी की परेशानी थी। दोनों तीन जुलाई को ही भर्ती हुए थे। एसआरएन चिकित्सालय कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ0 सुजीत कुमार ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों की मौत के बाद शव को प्रशासन को सौंप दिया गया। प्रशासन ने फाफामउ गंगा घाट के किनारे परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करा दिया। 

रानीमंडी का रहने वाला 46 वर्षीय व्यक्ति कैंसर का मरीज़ था। उसका उपचार दिल्ली में चल रहा था। तबीयत खराब होने पर वह यहां चला आया। उसे संदिग्ध वार्ड में रखा गया था। इसी तरह कैंट इलाके की 70 वर्षीय महिला भी शुगर और ब्लडप्रेशर की मरीज़ थी। वह भी कोरोना ओपीडी में आई थी।

डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए संदिग्ध वार्ड में भर्ती कर लिया था। शनिवार की रात ढाई बजे के बाद दोनों की मौत हो गई। दोनों का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया था। बाद में प्रशासन की टीम ने शव लेजाकर अंतिम संस्कार करा दिया। नोडल इंचार्ज डॉ0 महानंद ने बताया कि प्रोटोकॉल के मुताबिक शव का अंतिम संस्कार कराया गया।

Post a Comment

0 Comments