दबंगों ने नाली निर्माण विवाद में भाला घोंप कर अधेड़ की कर दी हत्या

दबंगों ने नाली निर्माण विवाद में भाला घोंप कर अधेड़ की कर दी हत्या

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार की सुबह नाली के विवाद में एक अधेड़ की भाला घोंपकर हत्या कर दी गई। हमलावर इसके बाद भाग निकले। बताया जा रहा है कि लंबे समय से नाली बनाने को लेकर विवाद चल रहा था।

ये है पूरा मामला

मामला महमूदाबाद के पैंतेपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के समनापुर गांव का है। यहां के निवासी मनोज पुत्र सेवक परिवार के बलराम व भोला के साथ घर के बाहर पानी निकास के लिए कच्ची नाली बना रहे थे। नाली बनाते देख पड़ोस में रहने वाले कोमल पुत्र हरिहर ने आपत्ति की और कहा यह जमीन उनकी है, नाली न बनाएं। इसको लेकर दोनों में विवाद होने लगा। मनोज घर के अंदर गया और भाला लेकर निकला, कोमल कुछ समझ पाता इससे पहले ही मनोज ने भाला घोंप दिया। भाला लगते ही कोमल जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा। हमलावर इसके बाद भाग निकले। कोमल की पत्नी  रामकली और पुत्र दिनेश, उमेश घायल कोमल को लेकर सीएचसी महमूदाबाद जा रहे थे, लेकिन कोमल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

क्या कहती पुलिस ?

कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दोनों  के बीच पहले से विवाद की बात संज्ञान में आई है। इसको लेकर प्रार्थना पत्र कोतवाली में आया था जिस पर आज दोनों पक्षों को बुलाया भी गया था। जांच की जा रही है, तहरीर मिलते ही केस दर्ज होगा। आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। 

विवाद का आज होना था फैसला

मनोज व कोमल के बीच में नाली बनाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। ग्राम पंचायत बिलासपुर की प्रधान सुषमा देवी शुक्रवार को फैसले के लिए मौके पर आने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही विवाद हो गया और एक की हत्या कर दी गई।

Post a Comment

0 Comments