जेईई-नीट कराने की जिद पर अड़ी भाजपा छात्रों के भविष्य से कर रही खिलवाड़:संजय सिंह

जेईई-नीट कराने की जिद पर अड़ी भाजपा छात्रों के भविष्य से कर रही खिलवाड़:संजय सिंह

लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश में कुनबा बढ़ाओ अभियान के तहत रविवार को भारत विकास पार्टी सेक्युलर के विलय की घोषणा की और प्रदेश में भ्रष्टाचार व अराजकता के खिलाफ मिलकर संघर्ष करने का एलान किया। रविवार को पार्टी के यूपी प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भारत विकास पार्टी एस के अध्यक्ष महेश त्यागी व उनके साथियों का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेईई व नीट परीक्षा कराने की जिद पर अड़ी भाजपा 25 लाख छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

इस दौरान संजय सिंह यह भी कहने से नहीं चूके कि सरकार युवाओं की आवाज को भी कुचलने पर तुली है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल को चाहिए कि कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप बढ़ने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए परीक्षा स्थगित करने की घोषणा करें। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकारें कोरोना से बचाव के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में किए गए दावे में दम है तो प्रदेश में अपराध कम क्यों नहीं हो रहे?

भाजपा विधायकों में असंतोष पर चुटकी लेते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा राज की सच्चाई बयां करने वाले विधायक राधामोहन दास को नोटिस थमा दिया जाता है। विधायक देवमणि दुबे ने ब्राह्मणों की हत्या का सवाल उठाया तो सरकार बेचैन हो गई। कोई सांसद अपराध वृद्धि का मुद्दा उठाता है तो मुख्यमंत्री उसे कभी नमूना कहते है या दूसरी पार्टियों की आड़ लेते हैं। संजय सिंह ने बसपा पर भाजपा की 'बी' टीम होने का आरोप फिर से दोहराया और मुख्यमंत्री को 24 करोड़ जनता के प्रति उनके कर्तव्यों की याद दिलाई।

Post a Comment

0 Comments