मुख्यमंत्री ने जौनपुर की विभिन्न परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

जौनपुर। दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद की विभिन्न परियोजनाएं का शिलान्यास एवं लोकार्पण लखनऊ से ऑनलाइन किया गया। जनपद में लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम एनआईसी में किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा रु. 1758.26 लाख की 19 सड़कों, रु. 1888.68 लाख की 17 अन्य निर्माण कार्यों सहित कुल रु. 3646.94 लाख की 36 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा रु. 7280.79 लाख की 39 सड़कों एवं रु. 1888.30 लाख की पांच अन्य निर्माण कार्यों सहित कुल रु. 9169.09 लाख की कुल 44 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंत्योदय के प्रणेता दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है जिनकी कर्मभूमि जनपद जौनपुर रही है। उन्होंने जौनपुर के माध्यम से देश को बहुत कुछ देने का कार्य किया है। इस कारण जौनपुर से एक आत्मिक लगाव है। आज का कार्यक्रम जौनपुर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का है। कलीचाबाद में गोमती नदी पर प्रस्तावित पुल का नाम राजा यादवेंद्र दत्त दुबे पर करने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की। उन्होंने कहा कि जनपद ने कई वैज्ञानिक भी दिए हैं। सिकरारा से शेरवा सड़क के उच्चीकरण के कार्य को सरकार तेजी के साथ आगे बढ़ाएगी और सड़क का नामकरण पूर्व कुलपति बीएचयू डा. लालजी सिंह के नाम से किया जाएगा। साथ ही निषादराज राजकीय बालिका इंटर कालेज का कार्य तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया। मुख्यमंत्री ने सिकरारा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण के कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण भी डा. लालजी सिंह के नाम से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में चल रही परियोजनाओं का कार्य त्वरित गति से आगे बढ़ाया जाय जिससे लोगों का आवागमन सरल एवं सहज हो सके। उनके जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य कर सकें। इसी विश्वास के साथ विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है जिससे जनपद जौनपुर का विकास के पथ पर अग्रसित हो सके। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अतिवृष्टि से जो किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है तथा जो जनहानि, पशुहानि या मकान की क्षति होने वाले परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दिलाना सुनिश्चित करें। फसलों के नुकसान का आकलन करते हुए किसानों को सहायता पहुंचाने का कार्य सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मंत्री पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग उ०प्र० शासन अनिल राजभर, राज्यमंत्री आवास विकास एवं शहरी नियोजन गिरीश चन्द्र यादव, विधायक केराकत दिनेश चौधरी, विधायक जफराबाद डा. हरेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी दिनेश सिंह, पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments