महिला सुरक्षा सम्बन्धित कानूनी जानकारी शैक्षिक पाठ्यक्रम में हो शामिलः प्रीति गुप्ता

जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा शनिवार को समाज में महिलाओं व किशोरियों के साथ निरंतर बढ़ते आपराधिक मामलों पर अंकुश लगाने हेतु माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी दिनेश सिंह को दिया गया। इस मौके पर संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि ऐसा नहीं कि हमारी कल्याणकारी सरकारों ने नारी की सुरक्षा, संरक्षा एवं हित के लिए कोई कदम नहीं उठाए हैं। तमाम महिला सुरक्षा हेतु कठोर कानून बनाए गए हैं लेकिन विकृत मानसिकता के दुराचारियों द्वारा प्रतिदिन छेड़छाड़, बलात्कार, शोषण, एसिड अटैक एवं हत्या जैसे अपराधिक कुकृत्य लगातार किए जा रहे हैं और त्वरित न्याय न मिलने के कारण इन अपराधियों का हौसला निरंतर बढ़ता जा रहा है। सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने मांग किया कि महिलाओं के प्रति आपराधिक मामलों का समयबद्ध व त्वरित निस्तारण हो तथा पुलिस प्रशासन हेतु अपराध की प्रवृत्ति के अनुसार प्रकरण के निस्तारण की समय सीमा तय की जाए। महिलाओं व किशोरियों में आत्म सम्मान, स्वाभिमान एवं सुरक्षा की भावना आरंभ से ही जगाने हेतु आवश्यकता है कि प्राथमिक शिक्षा से ही पाठ्य पुस्तकों के पाठ्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा हेतु उनकी उम्र के अनुसार बनाए गए कानूनी अधिकारों को शामिल किया जाए तथा यह कानूनी शिक्षा बालिकाओं के साथ बालकों को भी दिया जाय, ताकि बालिकाओं में अपने प्रति सुरक्षा की भावना पैदा हो तथा बालकों में महिलाओं व किशोरियों के प्रति किए जाने वाले अपराध के कारण मिलने वाली सजा के प्रति भय पैदा हो। हाथरस कांड की पीड़िता मनीषा को न्याय दिलाने हेतु न्यायिक आयोग का गठन कर दोषियों को तुरंत सजा दिया जाए तथा पृथक से महिलाओं पर हुए अत्याचार, बलात्कार, छेड़छाड़, हत्या आदि के मुकदमों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त न्यायालय का गठन किया जाय, ताकि इस तरह के मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो सके और पीड़िता को समय से न्याय मिल सके। वर्तमान परिवेश में आवश्यकता इस बात की है कि सभी बेटियों और स्त्रियों के सुरक्षा के लिए वृहद कार्यक्रम प्रशासन द्वारा नियमित रूप से चलाए जाएं तथा सभी विद्यालयों में ‘बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा के गुण’ विषय को अनिवार्य बना दिया जाए तथा प्रत्येक निजी व सरकारी विद्यालयों में इस तरह के प्रशिक्षण देना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर तुलिका श्रीवास्तव, स्वर्णिमा जायसवाल, अर्चना सिंह, तसनीम जैदी, प्रियंका पाण्डेय, दीपशिखा चौरसिया, उर्वशी सिंह, प्रीति अजय गुप्ता, सुहानी शाह, उन्नति जायसवाल सहित तमाम सखियाँ उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments