नहीं रहा पुलिस का डर,आरटीओ दफ्तर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग,दो को लगी गोली,एक की मौत

नहीं रहा पुलिस का डर,आरटीओ दफ्तर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग,दो को लगी गोली,एक की मौत

अलीगढ़।बन्नादेवी क्षेत्र के आरटीओ दफ्तर के बाहर शनिवार को दिनदहाड़े कुछ लोगों ने रंजिश के चलते अस्पताल संचालक पर फायरिंग कर दी। इसमें अस्पताल संचालक के अलावा राहगीर को भी गोली लग गई। दोनों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां राहगीर की मौत गई।

राहगीर की मौत

गांधीपार्क क्षेत्र के सिंधौली निवासी भूपेंद्र आरटीओ के सामने आराध्य अस्पताल के संचालक हैं। शनिवार दोपहर दो बजे वह अस्पताल की एंबुलेंस के कागजात संबंधी काम कराने के लिए आरटीओ गए थे। जैसे ही बाहर निकले गेट पर कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। उनके पैर में गोली लगी। इसमें एक राहगीर रामकिशन निवासी एटा चुंगी को भी पैर में गोली लग गई। आनन-फानन दोनों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने के चलते जेएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। यहां रामकिशन की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, रामकिशन के पैर में गोली लगने के चलते काफी खून निकल गया था। इधर, भूपेंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

20 राउंड फायर, दहला इलाका

आरटीओ के बाहर बदमाश पैदल ही आए थे। यहां अक्सर लोगों की भीड़ रहती है। अचानक फायरिंग होने से भगदड़ मच गई। 20 से ज्यादा राउंड फायर किए गए। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

एक दिन पहले हुआ था झगड़ा

भूपेंद्र का धनीपुर मंडी के कुछ लोगों से 10 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा है। इसे लेकर शुक्रवार को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। भूपेंद्र ने बताया कि हमलावरों में चार लोगों को वह पहचानते हैं। जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई।

इनका कहना है

आरटीओ के सामने कुछ लोगों ने रंजिश के चलते फायरिंग की है। इसमें दो लोगों की गोली लग गई। एक की मौत हुई है। एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अभिषेक कुमार, एसपी सिटी

Post a Comment

0 Comments