वादों को पूरा करना भूल गयी प्रदेश सरकारः मसूद अहमद

जौनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद ने कहा कि झूठे वादे पर आयी भाजपा की प्रदेश व केन्द्र सरकार ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। अब प्रदेश की जनता सपा सरकार को याद कर रही है। बुधवार को एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी प्रदेश सरकार चलाने में अक्षम और असफल साबित हुए हैं। जनता इस समय त्राहि-त्राहि कर रही है। सरकार बनने क बाद प्रदेश को गड्ढामुक्त तथा अपराध मुक्त करने करने का वादा किया गया था। दोनों वादे खोखले साबित हुए। सड़क कागजों पर बनायी गयी और अपराधियों का ताण्डव आये दिन सुर्खियों में बना है। प्रदेश सरकार अपराधियों का पनाह दे रही है। भ्रष्टाचार चरम पर हैै। सरकारी कार्यालयों में बिना रूपये के कोई काम नहीं हो रहा है। रेट अब 5 गुना हो गया है। सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है। जंगलराज हो गया है। कितनी बच्चियां अपराधियों के भय से स्कूल छोड़ दिया है। कोविड- 19 के दौरान किट, मास्क, सेनेटाइजर आदि के नाम पर लूट-खसोट किया गया। सपा सरकार का नाम बदलकर पुराने काम का फीता काटकर वाहवाही लूटी जा रही है। मल्हनी की जनता सपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है। किसान केन्द्र सरकार द्वारा बनाये गये कानून का विरोध कर रही है। सरकार जबरन उन पर कानून थोप करके उन्हें कंगाल बनाने पर आमादा है। इस अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष डा. सत्येन्द्र सिंह, सपा जिलाध्यक्ष डा. लाल बहादुर यादव, राम आसरे विवकर्मा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments