मकान की छत गिरने से तीन की मौत,10 घायल
हयातनगर थाना क्षेत्र के सराय तरीन में एक मकान की छत गिरने से तीन की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हो गए। घटना रात 2:00 बजे की है। मृतकों में एक महिला और दो मासूम हैंं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस घर की छत गिरी है उसी घर में सोमवार को निकाह था। सोमवार की देर शाम बरात दुल्हन को लेकर घर लौटी थी।
तेज आवाज से चौंक गए आसपास के लोग
जब छत गिरी तो तेज आवाज हुई। इससे आसपास के लोग चौंक गए। पहले तो उन्हें लगा कि कहीं धमाका हुआ है लेकिन शोर मचने पर मौके की ओर दौड़ पड़े। देर रात होने की वजह से कुछ देर तक तो लोग समझ की नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। माजरा समझ में आते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने एकजुट होकर मलबे को हटाना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
पल में काफूर हो गईं खुशियां
निकाह के बाद बरात दुल्हन को लेकर घर लौटी तो नई नवेली दुल्हन का जोरदार स्वागत हुआ। घर में नए मेहमान के आने से लोग खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। परिवार के सभी सदस्य खुशियां मना रहे थे लेकिन, किसी को भी नहीं पता था कि इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। देर रात में परिवार के सभी सदस्य सो चुके थे, अचानक छत गिरने से अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर दुल्हन के मायके के लोग भी परेशान हो उठे।
0 Comments