28 सीटों पर वोटों की गिनती जारी,जानिए किसके सर सजेगा ताज

28 सीटों पर वोटों की गिनती जारी,जानिए किसके सर सजेगा ताज

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। नतीजों से तय हो जाएगा कि मध्य प्रदेश में सत्ता पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बने रहेंगे या कांग्रेस नेता कमल नाथ की एक बार फिर वापसी होगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कांग्रेस के तत्कालीन 22 विधायकों ने कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था, जिसके कारण कमल नाथ सरकार गिरी और उपचुनाव की नौबत आई। इन 28 विधानसभा सीटों में से 27 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा था। शिवराज को अपनी सरकार बनाए रखने के लिए 9 सीटों पर जीत दर्ज करना जरूरी है। मध्य प्रदेश में इससे पहले इतनी सीटों पर उपचुनाव नहीं हुए हैं।

MP By Election Result 2020 Updates:
9:06AM: पहले राउंड में सुरखी सीट पर गोविन्द सिंह राजपूत 3093 वोटों से आगे हैं जबकि ब्यावरा से बीजेपी उम्मीदवार नारायण सिंह पंवार 1000 वोट से आगे हैं। दिग्विजय सिंह के गढ़ राजगढ़ में कांग्रेस पीछे चल रही है।

8:47AM: मतगणना को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट, 'मतदान भी मंगलवार को हुआ और मतगणना भी मंगलवार को है। मुझे विश्वास है हनुमान जी अपने परम भक्त कमलनाथ जी को निराश नहीं करेंगे। कमलनाथ जी के साथ अन्याय हुआ है न्याय मिलेगा। भगवान के घर देर है अंधेर नहीं है।'

8:35AM: ग्वालियर के मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की घोषणा आज होगी। ग्वालियर-चंबल अंचल में उपचुनाव के परिणाम भाजपा के अनुकूल नहीं आए तो सिंधिया कमजोर हो सकते हैं क्योंकि यह उनके प्रभाव वाला इलाका है।

08:10AM इस बार 27 हजार मतदाताओं ने डाक मतपत्रों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। ये वो लोग थे जो 80 साल से अधिक आयु या फिर कोरोना संक्रमित या संदिग्ध थे। कोरोना महामारी के बीच 3 नवंबर को हुए मतदान में 70 फीसद से अधिक वोटिंग हुई थी। 2018 के विधानसभा चुनावों में इन 28 सीटों पर 72.93 प्रतिशत मतदान हुआ था।

8:00AM- मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। उपचुनाव के परिणाम जितने भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं, उतने ही कांग्रेस के लिए भी। इनके परिणामों पर कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का भविष्य निर्भर करेगा।

कमल नाथ-दिग्विजय सिंह की साख की भी परीक्षा

उपचुनाव के परिणाम जितने भाजपा के लिए महत्वपूर्ण हैं, उतने ही कांग्रेस के लिए भी। इनके परिणामों पर कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का भविष्य निर्भर करेगा। पार्टी को सत्ता में वापस लाने में ये जोड़ी सफल रही तो दोनों नेताओं का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगा और हार मिली तो दोनों के सियासी सफर पर ब्रेक भी लग सकता है। ऐसा होने पर प्रदेश में कांग्रेस की नई पीढ़ी को आगे आने का मौका मिलेगा।

12 मंत्रियों का भविष्य होगा तय

इस उपचुनाव में प्रदेश के 12 मंत्रियों सहित 355 उम्मीदवारों की किस्मत का भी फैसला होगा। इमरती देवी, डॉ.प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसौदिया, एदल सिंह कंषाना, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, बृजेंद्र सिंह यादव, प्रद्युम्न सिंह तोमर, बिसाहूलाल सिंह, गिर्राज डंडौतिया, सुरेश धाकड़ और ओपीएस भदौरिया चुनाव मैदान में हैं।


Post a Comment

0 Comments