आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा को बढ़त

आठ विधानसभा सीटों में से पांच पर भाजपा को बढ़त

अहमदाबाद। गुजरात की आठ विधानसभा सीटों पर पोस्टल बैलट की मतगणना जारी है। भारतीय जनता पार्टी ने पांच विधानसभा सीट पर बढ़त बना ली है। अबडासा मैं भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह जाडेजा, डांग में भाजपा नेता विजय पटेल, मोरबी में भाजपा के बृजेश मेरजा और लिंबड़ी में भाजपा के किरीट सिंह राणा आगे चल रहे हैं।  आठ विधानसभा सीटों पर कुल 81 प्रत्‍याशी मैदान में हैं। बता दें कि 3 नवंबर को हुए मतदान में 60.75 फीसद लोगों ने वोट डाला था। मतगणना सुबह 8:00 बजे से हो रही है।

Gujarat By Election Result 2020 Updates:

9:25 धारी से भाजपा प्रत्याशी जेवी काकड़िया। मोरबी से भाजपा प्रत्याशी बृजेश मेरजा, लिंबडी से भाजपा प्रत्याशी किरीट सिंह राणा, डांग से भाजपा प्रत्याशी विजय पटेल, अबडासा से भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह जाडेजा आगे चल रहे हैं।  कपराडा सीट पर भाजपा के जीतू चौधरी 2459 टाइम मतों से आगे चल रहे हैं

9:15 राज्‍य की धारी सीट पर भाजपा के उम्मीदवार 912 मतों से आगे चल रहा है। अब तक की रुझानों में गुजरात में 8 में से 5 सीट पर भाजपा आगे चल रही है। ध्यान रहे कि यह पोस्टल बैलट की मतगणना है।

9:00 अबडासा मैं भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह जाडेजा कांग्रेस के शांतिलाल संघाणी से 2400 वोट से आगे चल रहे हैं। डांग में भाजपा नेता विजय पटेल कांग्रेस के सूर्यकांत गावित से आगे चल रहे हैं। मोरबी में भाजपा के बृजेश मेरजा तथा लिंबड़ी में भाजपा के किरीट सिंह राणा आगे चल रहे हैं।

8:30AM: गुजरात की 8 विधानसभा सीट के उपचुनाव में पोस्टल बैलट की मतगणना शुरु हो चुकी है। जिसमें भाजपा ने तीन सीट पर बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी अबडासा, डांग व लिंबडी सीट पर आगे चल रही है।

8:15AM:  गुजरात उपचुनाव के परिणाम आने के पश्‍चात कांग्रेस के जिला संगठन में भी फेरबदल की संभावना है। कांग्रेस के मुख्‍य प्रवक्‍ता मनीष दोशी ने कहा था कि भाजपा में सीएम विजय भाई व अध्‍यक्ष सी आर भाऊ में खींचतान की संभावना है। दोशी का यह भी कहना है कि कांग्रेस में कार्यकाल पूरा होने के बाद ही जिलाध्‍यक्षों की नियुक्ति होगी।

गुजरात के डांग में मतगणना केंद्र

भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस विधायकों की लोकप्रियता का फैसला

मतों की गिनती के साथ ही हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस विधायकों की लोकप्रियता का फैसला हो जाएगा। इसी साल जून में हुए राज्‍यसभा चुनाव के पश्‍चात कांग्रेस के मौजूदा विधायकों के इस्‍तीफा देने के पश्‍चात राज्‍य में इन आठ सीटों पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी थी। इनमें से पांच विधायक बाद में भाजपा में शामिल हुए और सत्‍तारूढ़ दल ने इन्‍हें ही उपचुनाव में मौजूदा सीटों पर मैदान में उतार दिया। 

राज्‍य में बीते 25 वर्षों से है भाजपा का शासन

राज्य में पिछले 25 वर्षो से भारतीय जनता पार्टी का शासन है, इस दौरान किए गए जनकल्‍याण के कार्यो की भाजपा जनता के सामने गिनती कर रही है। राज्‍य में बिजली, यातायात, गांव-गांव में ब्रॉडबैंड इंटरनेट, सड़क, पानी, नर्मदा नहर, नर्मदा पाइपलाइन के अलावा राज्य के बजट में भारी वृद्धि को भाजपा अपनी उपलब्धि बता रही है।

रोचक मुकाबला

इस चुनावी जंग को इसलिए भी रोचक बताया जा रहा है क्‍योंकि आठ सीटों में से पांच विधायक वो हैं जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। वहीं मोरबी से कांग्रेस प्रत्‍याशी जयंतीलाल पटेल ने अपने वेतनमान से 24 लाख रुपये जनता के लिए खर्च करने का वादा किया है, जिसे लेकर उनकी खूब चर्चा हो रही है।  


Post a Comment

0 Comments