स‍िपाही की खुदकुशी मामले में आया नया मोड़,चर्चित शिक्षक हत्याकांड से जुड़े हैं तार,जानिए पूरा मामला

स‍िपाही की खुदकुशी मामले में आया नया मोड़,चर्चित शिक्षक हत्याकांड से जुड़े हैं तार,जानिए पूरा मामला

मुरादाबाद। सम्भल की हयातनगर चौकी में तैनात सिपाही अंकित यादव ने बरेली के चर्चित शिक्षक अवधेश हत्याकांड में फंसने के डर से खुदकुशी की थी। दरअसल, शिक्षक की हत्यारोपित पत्नी फिरोजाबाद निवासी विनीता सिंह से उसके प्रेम संबंध थे। दोनों की फोन पर बातचीत होती थी और एक-दूसरे से मिलते भी थे। 12 अक्टूबर को शिक्षक की हत्या के बाद जब मामले में उसकी पत्नी के प्रेमी अंकित के शामिल होने की बात सामने आई तो वह घबरा गया था। हत्याकांड में खुद को फंसता देख उसे सरकारी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।

27 अक्टूबर को हयातनगर थाना क्षेत्र की हयातनगर चौकी पर तैनात सिपाही बिजनौर जनपद के थाना चांदपुर अंतर्गत गांव खेड़की निवासी अंकित यादव की मौत हो गई थी। उसका शव चौकी के कमरे में मिला था। हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार की सरकारी पिस्टल से गोली लगने से मौत हुुई थी। पुलिस ने शुरुआत में इस घटना को खुदकुशी बताया था, लेकिन सिपाही के स्वजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचकर हंगामा किया था और सिपाही की हत्या होने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की थी। हंगामे के बाद सम्भल पुलिस ने हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, फॉलोअर अमित कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। दोनों को निलंबित कर पिस्टल बरामद कर ली गई थी।

विनीता के पकड़े जाने पर सामने आई सच्चाई

शिक्षक की पत्नी विनीता को बरेली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ में सिपाही अंकित के खुदकुशी करने की सच्चाई भी सामने आ गई। पूछताछ में विनीता ने बताया कि सम्भल की हयातनगर चौकी पर तैनात सिपाही अंकित यादव से उसका अफेयर था। विनीता की बहन ज्योति की शादी मैनपुरी में हुई है। वहीं वह सिपाही से मिली थी। दोनों एक-दूसरे से अक्सर मिलते थे। शिक्षक की हत्या के बाद मुकदमे में विनीता और उसके प्रेमी अंकित का भी शामिल था। इसकी जानकारी होने पर सिपाही ने डर के चलते खुदकुशी कर ली थी।

दोस्त को बताई थी मुकदमे की बात

सिपाही अंकित ने एक दोस्त को वाट्सएप पर मैसेज भेजकर मुकदमे की बात बताई थी। उसने आशंका जताई थी कि वह शिक्षक की हत्या के मामले में फंस जाएगा। जबकि वह बेकुसूर है। उसने दोस्त से अपने माता-पिता का ध्यान रखने की भी बात कही थी। इसके बाद उसने चौकी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी।

Post a Comment

0 Comments