कानपुर के घाटमपुर विधानसभा के दो बूथ पर ईवीएम खराब

कानपुर के घाटमपुर विधानसभा के दो बूथ पर ईवीएम खराब

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात रिक्त सीटों के लिए मंगलवार को सुबह से ही लोग बूथ पर पहुंच गए। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। इन सात सीटों के लिए कुल 88 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 24.27 लाख मतदाता करेंगे। मतदान के लिए 1754 पोलिंग सेंटर और 3655 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मतदान के दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसलिए पर्याप्त मात्रा में अर्धसैनिक बल लगाए गए हैं। क्रिटिकल बूथों पर नजर रखने के लिए 371 बूथों की वेबकास्टिंग कराई जा रही है।

कानपुर के घाटमपुर विधानसभा के दो बूथ पर ईवीएम खराब

कानपुर के घाटमपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर लोगों में काफी रुझान है। सुबह से ही लोग बूथ पर पहुंच गए। इसी बीच दो बूथ पर ईवीएम मशीन में खराबी की सूचना पर उनको बदला गया है। यहां के पतारा तथा शास्त्रीनगर पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन में खराबी आ गई।

मल्हनी के अभयचंद पट्टी बूथ पर आधे घंटे विलंब से शुरू हुआ मतदान

जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के करंजाकला ब्लाक के अभय चंद पट्टी प्राथमिक विद्यालय के एक बूथ पर ईवीएम की बैटरी की गड़बड़ी के चलते मतदान आधे घंटे विलंब से 7.32 बजे शुरू हो सका। जौनपुर के मल्हनी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए सुबह छह बजे से ही बूथों पर हलचल शुरू हो गई। सुरक्षा बल के जवान अपने ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद हो गए। साथ ही कर्मचारी मतदान शुरू कराने के लिए ईवीएम ठीक करने व अन्य तैयारी में लगे।

उत्तर प्रदेश में उपचुनाव अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर सदर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया व जौनपुर की मल्हनी सीट पर हो रहा है। चुनाव मैदान में 88 उम्मीदवारों में नौ महिलाएं हैं। कोरोना से मतदान कर्मियों व मतदाताओं की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, सैनिटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उत्तर प्रदेश की इन सात विधानसभा सीटों में 13.03 लाख पुरुष, 11.30 लाख महिलाएं व 130 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। चुनाव के लिए सात सामान्य प्रेक्षक व सात व्यय प्रेक्षकों के अलावा 301 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 46 जोनल मजिस्ट्रेट, 76 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 333 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। मतदान के लिए 5127 ईवीएम की कंट्रोल यूनिट व 6710 बैलट यूनिट तथा 5492 वीवीपैट लगाए जाएंगे।

17 हजार से अधिक मतदान कर्मी कराएंगे चुनाव : उपचुनाव में 17183 मतदान कर्मी लगाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए 1046 भारी वाहन तथा 467 हल्के वाहन लगाए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments