मुकदमा दर्ज होते ही सपा जिलाध्यक्ष हुए भूमिगत,जानिए क्या है मामला?
शमसाबाद कस्बे की एक महिला ने सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी के खिलाफ छेड़छाड़ व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी को जेल भेज दिया था। चार नवंबर को सपा जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी जमानत पर छूटे।
दो दिन में ही जमानत हो जाने पर उत्साहित जिलाध्यक्ष नदीम फारूकी के समर्थक हुजूम बनाकर जिला जेल पहुंचे। वहां से नारेबाजी करते हुए सपा जिलाध्यक्ष को माला पहनाकर कस्बे में ले गए। आरोप है कि वहां जिलाध्यक्ष व उनके समर्थकों ने सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ने समर्थकों को संबोधित भी किया। उसमें आपत्तिजनक बयान भी दिए। पुलिस और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिनजक भाषण देते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सड़क जाम हुई और लोगों में भय फैल हो गया।
इस मामले में मोहल्ला दलमीर खां निवासी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता ने सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी, सैदवाड़ा निवासी अब्दुल्ला, कोटला निवासी गुड्डू, नहीम, रिहान, रेहान, इमली दरवाजा निवासी आजम, उनके पिता मसूद, साकिब, शेरवानी टोला निवासी मेराज, एजाज, काजीटोला निवासी मुसब्बर, इलू, गुलजार, अद्दपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार, शकील उर्फ पप्पू, नन्ना और गढ़ी निवासी आदिल पठान को नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 149, 153-ए, 269, 270, 188, 504, 506, 341, 152, 124-ए और 7 सीएलए व 3 महामारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया था।
तहरीर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता ने सपा जिलाध्यक्ष व उनके समर्थकों पर आपत्तिजनक नारेबाजी करने, गाली गलौज, अभद्र टिप्पणी करते हुए आतिशबाजी चलाते हुए मुख्य मार्ग को अवरुद्ध करने, कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में शासन के आदेशों का उल्लंघन करते हुए लोगों के जीवन को संकट में डालते हुए विरोधियों को सबक सिखाने व धार्मिक उन्माद फैलाने जैसे संगीन आरोप लगाए थे।
मुुकदमा दर्ज होने के बाद इस मामले में क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजवीर सिंह गौर की अगुवाई में पुलिस टीमों ने सपा जिलाध्यक्ष समेत उनके समर्थकों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष भूमिगत हो गए। मोहल्ला कोटला निवासी रेहान, काजी टोला निवासी मुसब्बर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुख्य आरोपित सपा जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही उन्हेंं गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 Comments