गोरखपुर,देवरिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,दबोचे गए नौ डकैत

गोरखपुर,देवरिया पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,दबोचे गए नौ डकैत

गोरखपुर। गोरखपुर की क्राइम ब्रांच, पुलिस व देवरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोरखपुर और देवरिया में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले डकैतों को पकड़ा है। देवरिया पुलिस ने सात और गोरखपुर की क्राइम ब्रांच ने दो डकैतों को पकड़ा है। पुलिस और क्राइम ब्रांच को यह सफलता बलिया में डकैतों के पकड़े जाने के बाद हाथ लगी है।

गोरखपुर दो पकड़े गए

गोरखपुर की क्राइम ब्रांच ने गोरखपुर में रहने वाले उनके दो साथियों को पकड़ा है। झंगहा क्षेत्र के रहने वाले डकैतों से पूछताछ में मिली जानकारी के बाद उनके साथियों की तलाश में बड़हलगंज के अलावा आसपास के जिलों में छापेमारी चल रही है। बलिया में पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ करने के लिए क्राइम ब्रांच की एक टीम को भेजा गया है। पुलिस अधिकारी जल्‍द ही गगहा में हुई डकैती का पर्दाफाश करने का दावा कर रहे हैं। बलिया पुलिस व गोरखपुर क्राइम के हत्‍थे चढ़े बदमाशों में एक झंगहा और दूसरा बड़हलगंज क्षेत्र का रहने वाला उसका रिश्‍तेदार है। दोनों से पूछताछ में पता चला कि गिरोह में कुल 11 सदस्‍य है। जिनके साथ मिलकर इन लोगों ने उत्‍तर प्रदेश के अलावा बिहार में डकैती व लूट की है। पकड़े गए बदमाश पशु तस्करी से भी जुड़े हैं। ईंट भट्ठो पर मजदूरों को आसानी से निशाना बनाने की योजना बनाकर वारदात कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गिरोह का सरगना बिहार का रहने वाला है। पुलिस अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि गगहा में ईंट भट्ठे पर लूट-पाट व लड़कियों से छेड़खानी करने वाले डकैतों की तलाश चल रही है। कुछ महत्‍वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। जल्‍द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

यह है मामला

मंगलवार की रात गगहा इलाके के ईंट भट्ठे पर बदमाशों ने धावा बोला था। यहां पर मजदूर परिवारों को बंधक बनाकर 76 हजार रुपये, 9 मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। लूट- पाट के दौरान बदमाशों ने दो किशोरियों के साथ छेड़खानी व हैवानियत भी की थी। डकैती व दुष्‍कर्म का केस दर्ज कर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम घटना का पर्दाफाश में लगी है। शुक्रवार को देवरिया में ईंट भट्ठे पर इसी तरह की वारदात सामने आई है।

देवरिया में पुलिस ने सरगना समेत सात को पकड़ा

देवरिया के लार थाना क्षेत्र के पिपरीडीह ईंट भट्ठे पर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने सरगना समेत सात बदमाशों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। इन बदमाशों ने गोरखपुर में भी हुई ईंट भट्ठे पर डकैती में भी शामिल होने की बात कुबूल कर लिया है। फरार चल रहे कुछ अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए बलिया व बिहार में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस घटना के पर्दाफाश का ब्लू प्रिंट तैयार कर लिया है। एक से दो दिन में घटना का पर्दाफ़ाश कर देगी। लार थाना क्षेत्र के पिपरीडीह ईंट भट्ठे पर गुरुवार की रात मुंशी समेत तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर हुई डकैती के मामले में पुलिस में पुलिस को शनिवार को सफलता मिल गई। इस मामले में सरगना समेत सात बदमाशों को हिरासत में ले लिया। गिरोह का सरगना विष्णुदेव निवासी राजा गांव थाना बांसडीह जनपद बलिया का निवासी है। पुलिस की पूछताछ में सरगना ने गिरोह के अन्य सदस्यों का भी नाम बता दिया है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बदमाशों की निशानदेही पर लूटे गए कुछ सामान भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

दुष्कर्म में इनकी लग रही है भूमिका

बलिया जनपद के अजीज व सरगना विष्णुदेव गोरखपुर जनपद में हुई घटना में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ शामिल रहे। इन दोनों पर ही महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने की बात कही जा रही है। हालांकि अभी पूछताछ में यह बात सरगना ने कबूल नहीं किया है। अजीज अभी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।

लोहा ने की है घटना की रेकी

लार की घटना में लार थाना क्षेत्र के हरखौली के खरका टोला निवासी लोहा सिह ही इस गिरोह के लिए रेकी की है। घटना के समय वह घटना स्थल पर भी रहा है। पुलिस को मोबाइल लोकेशन भी उसका मिला है। पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने कराया बदमाशों का शिनाख्त परेड

लार थाना क्षेत्र में ईट भट्टे पर हुई डकैती के मामले में हिरासत में लिए गए बदमाशों की ईंट भट्ठे पर काम करने वाली महिलाओं की शिनाख्त परेड कराई गई। जिसमें से 4 बदमाशों को महिलाओं ने पहचान लिया है। सीओ सलेमपुर श्रीयेश त्रिपाठी का कहना है कि इस मामले में सात बदमाश उठाये गए हैं। जिनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments