सेंट जॉन्स स्कूल में क्रिसमस त्योहार की मची धूमफादर के गीत सुनकर श्रोता हुए भावविभोर

सिद्दीकपुर, जौनपुर। सेंट जॉन्स स्कूल सिद्दीकपुर में क्रिसमस त्योहार  भव्य रुप में उमंग के साथ शनिवार को मनाया गया। इस वर्ष का अंतिम कार्यदिवस होने के कारण विद्यालय में क्रिसमस त्योहार बेहद ही जोश खरोश के बीच मनाया गया। कोरोना महामारी के कारण इस वर्ष बच्चों की उपस्थिति बहुत कम रही इसलिए अध्यापक-अध्यापिकाओं द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में प्रवीण कुमार उपाध्याय व जया सिंह ने मंच संचालन किया। रामजी तिवारी ने अपने उद्बोधन में क्रिसमस की भूमिका प्रस्तुत की। लिली पॉल एवं मंजू जायसवाल ने सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। अरविंद कुमार मिश्र की अगुवाई में शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा ‘प्यारी प्यारी रात न्यारी न्यारी रात’ क्रिस मंगली गीत का गान किया गया। जिसकी रचना विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने किया था। समीना फारूकी ने क्रिसमस एवं जीसस क्राइस्ट के बारे में विस्तार से बताया। जया मिश्रा के नेतृत्व में अध्यापक वृन्द ने इंग्लिश क्रिसमंगली का गान किया। बीना श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिक्षिकाओं ने समूह नृत्य किया। परवेज अहमद ने सांता क्लॉज के बारे में बताया। स्टेफी, श्रीया, आस्था एवं अभिषेक ने शांताक्लॉज के जीवन पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। प्रियंका सिंह के नेतृत्व में ‘झूमो नाचो खुशी से आज’ गान पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। चंचल सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। नीरज मिश्र के नेतृत्व में सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने शुभकामना गीत गाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर ने विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारियों को क्रिसमस की शुभकामना एवं आशीर्वचन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सागर की खोज में नदियों का आना एक तजुर्बा है जबकि नदियों की खोज में सागर का आना एक अजूबा है और ईश्वर अपने भक्तों के कल्याण के लिए समय-समय पर धरा पर अवतरित होते हैं। फादर पी विक्टर ने धर्म, मर्म एवं कर्म की गूढ़ व्याख्या की तथा यह बताया कि कोई भी धर्म बुरा नहीं है, बुरा सिर्फ अधर्म है इसलिए हमें सभी धर्मों का आदर करना चाहिए एवं प्रभु के बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए, इसी में हम सब का कल्याण है। कार्यक्रम को भव्य बनाने में सिस्टर निकोलस, सिस्टर पी मैरी, सिस्टर जेनिफर, सिस्टर सावरी, शोभा सेबेस्टियन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पीएस यादव, तब्बसुम, अंशू, सौरभ सिन्हा, गिरीश कुमार गुप्ता, कनीज, प्रियंका, अशोक, प्रियंका श्रीवास्तव, आरिफ बुसरा आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments