गोरखपुर में सपा नेता जियाउल इस्‍लाम को पुलिस ने किया गिरफ्तार,जानिये पूरा मामला

गोरखपुर में सपा नेता जियाउल इस्‍लाम को पुलिस ने किया गिरफ्तार,जानिये पूरा मामला

गोरखपुर। किसानों के भारत बंद को लेकर गोरखपुर में बवाल शुरू हो गया है। प्रशासन की सख्‍ती के बाद भी सपाई सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदर्शन की तैयारी कर रहे सपा नेता जियाउल इस्‍लाम को पुलिस ने सुबह ही उनके घर से हिरासत में ले लिया। ज़ियाउल इस्लाम को पुलिस लाइन ले जाया गया है। भारत बंद के दौरान गोरखपुर की यह पहली गिरफ्तारी है। ज़ियाउल सुबह 7:30 बजे वह मॉर्निंग वॉक से लौटे तो घर के दरवाजे से ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। जियाउल समाजवादी पार्टी के गोरखपुर महानगर अध्‍यक्ष रह चुके हैं।

बस्‍ती में पूर्व कैबिनेट मंत्री गिरफ्तार

बस्‍ती में भारत बंद के समर्थन में उतरे  सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ाया। शास्त्री चौक पर सपा जिला अध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक जितेन्द्र चौधरी सहित 50 की संख्या में कार्यकर्ताओ को गांधी नगर से पुलिस ने गिरफ्तार किया

प्रशासन ने चेताया, नहीं होगी बंदी

उधर, भारत बंद को लेकर जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि किसी भी प्रकार की बंदी नहीं रहेगी। यदि किसी ने बंदी कराने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। जिले में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मिलाकर 100 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी टीमें सुबह सात बजे से ही फील्ड में सक्रिय रहेंगी। कुछ टीमें रात में भी सक्रिय रहेंगी। जरूरत पडऩे पर रात में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। जिले के सभी एसडीएम को सतर्क रहने को कहा गया है।

सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री ने मंगलवार के आंदोलन को देखते हुए प्रदेश भर के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। गोरखपुर से जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन एवं एसएसपी जोगेंद्र कुमार वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल हुए। पूरे जिले में धारा 144 पहले से लागू है। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के सीओ एवं थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई दुकान बंद न होने पाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार भी रहना होगा। व्यवसायिक प्रतिष्ठान, कार्यालय खुले रहेंगे और यातायात जारी रहेगा। जिले में तहसीलदार एवं राजस्व कर्मी भी भ्रमण पर रहेंगे और हर घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को देनी होगी।

जरूरत पड़ी तो गिरफ्तारी करेंगे : डीएम

गोरखपुर के डीएम के. विजयेंद्र पाण्डियन ने कहा कि मंगलवार को सभी दुकानें व कार्यालय खुले रहेंगे। किसी प्रकार की बंदी नहीं रहेगी। यदि कोई दुकान आदि बंद कराने की कोशिश करेगा तो उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। स्थिति पर नजर रखने के लिए 100 से अधिक टीमों को लगाया गया है। जरूरत पड़ी तो कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments