राजद नेता के पुत्र की सिर में गोली मारकर हत्या,सड़क किनारे फेंका शव

राजद नेता के पुत्र की सिर में गोली मारकर हत्या,सड़क किनारे फेंका शव

बक्सर। जिले में गुरुवार की सुबह बड़ी वारदात प्रकाश में आई है। एक दिन पहले घर से लापता राजद नेता के पुत्र की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। औद्योगिक थानाक्षेत्र अंतर्गत सरिमपुर अहिरौली सड़क किनारे शव फेंक दिया गया। गुरुवार की सुबह लोगों ने शव देखा तो पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान राजद के पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष भारती के पुत्र चंदन भारती (21) के रूप में कई गई है। घटनास्थल से पुलिस ने 9एमएम का एक खोखा भी बरामद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई है। हत्या किसने की? अभी ये साफ नहीं हो सका है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह छह बजे औद्योगिक थानाक्षेत्र अंतर्गत सरिमपुर अहिरौली से गुजर रहे ग्रामीणों ने सोनार के बगीचे में एक युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। युवक के सिर में करीब से गोली मारी गई थी, जिससे उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। जानकारी होने पर पहुंची औद्योगिक थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बुधवार रात में ही आरजेडी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष भारती ने अपने 21 वर्षीय पुत्र के घर वापस नहीं लौटने की पुलिस को सूचना दी थी। लिहाजा पुलिस ने शव की पहचान के लिए उन्हें पोस्टमॉर्टम हाउस बुलाया। जहां युवक की पहचान करते ही संतोष भारती खुद को काबू में नहीं रख सके और अचेत हो गए।

शाम को घर से था निकला

मिली जानकारी के अनुसार चंदन बुधवार की शाम करीब आठ बजे अपनी मां से किसी काम के लिए सौ रुपये मांगकर घर से निकले थे। उसके बाद वो घर वापस नहीं लौटे। चंदन के घर नहीं आने पर स्वजनों द्वारा खोजबीन की जा रही थी। जानकारी न होने पर चंदन के पिता संतोष भारती ने औद्योगिक पुलिस को भी इसकी जानकारी दी थी। इधर, राजद नेता के पुत्र की हत्या के बारे में जानकारी मिलते ही राजद के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह समेत अन्य नेताओं का  पहुंचना शुरू हो गया है। 

Post a Comment

0 Comments