लूटपाट के बाद बुजुर्ग दंपती का पैर छूकर लिया था आर्शीवाद,पुलिस ने एक शातिर को किया गिरफ्तार

लूटपाट के बाद बुजुर्ग दंपती का पैर छूकर लिया था आर्शीवाद,पुलिस ने एक शातिर को किया गिरफ्तार

प्रयागराज। मम्फोर्डगंज में रहने वाले बुजुर्ग दंपती कृष्ण चंद्र श्रीवास्तव और उनकी पत्नी ज्योति श्रीवास्तव को बंधक बनाकर लूटपाट करने, पानी पिलाने और पैर छूकर आशिर्वाद लेने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपित सूरज सिंह और उसका साथी रवि पटवा अभी फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी और कर्नलगंज पुलिस छापेमारी कर रही है।

12 दिसंबर को मम्‍फोर्डगंज इलाके में हुई थी लूट

कर्नलगंज के मम्फोर्डगंज निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी कृष्ण चंद्र श्रीवास्तव के घर में घुसकर 12 दिसंबर 2020 की सुबह नकाबपोश तीन बदमाशों ने लूटपाट की थी। इससे इलाके में खलबली मच गई थी। लुटेरों की तलाश में पुलिस और एसओजी की टीम लगी थी। इसी बीच कुछ सुराग मिला। तब एसओजी सिटी प्रभारी शैलेष सिंह और इंस्पेक्टर कर्नलगंज विनीत सिंह ने घेरेबंदी कर गोपाल को दबोच लिया।

गाजीपुर का रहने वाला है आरोपित, कटरा में फल की दुकान लगाता था

वह मूलरूप से गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के बड़का शेरपुर गांव रहने वाला है। लक्ष्मी टॉकीज चौराहे पर फल की दुकान लगाता है और किराए का कमरा लेकर यहां रहता है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि फरार अभियुक्त रवि पटवा माधोकुंज कटरा और सूरज सिंह सरायइनायत का रहने वाला है। दोनों का आपराधिक इतिहास है। पूछताछ में पता चला है कि सूरज सिंह के बुआ का मकान रिटायर्ड कर्मचारी के घर के पास है। वहां आने-जाने के दौरान ही सूरज को बुजुर्ग दंपती को अकेले रहने का पता चला। तब उसने सुबह रेकी की और देखा कि एक ताला आसानी से खुल जाता है। फिर उसने गोपाल और रवि के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

Post a Comment

0 Comments