गाड़ी के पेपर मांगने पर भड़की सीआरपीएफ की महिला कांस्टेबल,ट्रैफिक पुलिस के जवान को सरेराह पीटा

गाड़ी के पेपर मांगने पर भड़की सीआरपीएफ की महिला कांस्टेबल,ट्रैफिक पुलिस के जवान को सरेराह पीटा

मुरादाबाद। महानगर में बुधवार को बुलेट पर सवार पति के साथ बाजार जा रही महिला ट्रैफिक पुलिस के जवान द्वारा गाड़ी के पेपर मांगने पर भड़क गई। महिला ने सरेराह ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल को जमकर पीटा। जबकि महिला का पति चुपचाप हेड कांस्टेबल की पिटाई देखता रहा। बाद में पीड़ित हेड कांस्टेबल ने मारपीट की सूचना उच्चाधिकारियों की दी। पुलिस अधिकारियों के आदेश पर आरोपित दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित दंपति सेना और अर्धसैनिक बल के जवान बताए जा रहे हैं।

ट्रैफिक पुलिस में हेड कांस्टेबल राजकुमार की ड्यूटी बुधवार सुबह नौ बजे से सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कपूर कंपनी तिराहे के पास थी। इसी दौरान उसकी नजर बुलेट पर सवार एक दंपती पर पड़ी। राजकुमार ने वाहन रोककर दंपती से गाड़ी के कागजात मांगा। राजकुमार के मुताबिक कागज मांगते ही दंपती उनसे उलझ गए। बुलेट पर पीछे बैठी महिला ने धमकी देते कहा कि दो मिनट में तुम्हें अंदर भिजवा दूंगी। इसके बाद भी राजकुमार  कागजात मांगता रहा। इससे महिला उग्र हो गई। हेड कांस्टेबल का गिरेबान पकड़ते हुए महिला ने उसे धक्का दे दिया। हेड कांस्टेबल से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला ने उसकी फीती नोंच दी। महिला द्वारा मारपीट करने और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ने के बाद भी उसका पति चुपचाप पूरी घटना देखता रहा।  बाद में दोनों चले गए। तब हेड कांस्टेबल ने घटना से ट्रैफिक एसपी अशोक कुमार को अवगत कराया। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने हेड कांस्टेबल राजकुमार की तहरीर पर महानगर के मझोला थाना क्षेत्र के एकता कॉलोनी के रहने वाले संजय व उनकी पत्नी मंजू के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि आरोपित दंपति सेना व अर्धसैनिक बल के जवान हैं। सरकारी कार्य में खलल डालने व हेड कांस्टेबल से मारपीट करने के आरोप में दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। इससे संबंधित रिपोर्ट दोनों के उच्चाधिकारियों को भी भेजी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments