दिल्ली विधानसभा में सीएम केजरीवाल ने किसान नेताओं के साथ की बैठक,कृषि कानूनों पर चर्चा

दिल्ली विधानसभा में सीएम केजरीवाल ने किसान नेताओं के साथ की बैठक,कृषि कानूनों पर चर्चा

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा में उत्तर प्रदेश के किसान नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। मीटिंग में स्पीकर रामनिवास गोयल और वरिष्ठ आप नेता संजय सिंह भी मौजूद हैं। बताया जा रहा कि बैठक में तीनों कृषि कानून के बारे में चर्चा चल रही है। किसान आंदोलन का वह लगातार समर्थन कर रहे हैं।

बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ आम आदमी पार्टी लगातार मुखर रही। जिस दिन से किसान दिल्ली पहुंचे हैं उसी दिन से दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी किसानों को सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। यहां तक कि केजरीवाल ने केंद्र से पंगा लेते हुए पहले किसानों के लिए स्टेडियमों में जेल बनाने से इंकार कर दिया।

इसके बाद बुराड़ी के मैदान में दिल्ली सरकार की ओर से उन्हें सुविधाएं दिलवाईं। उनके भोजन और टेंट की व्यवस्था की। यहां तक कि किसानों को वाइफाइ की सुविधा तक दी है। पार्टी के नेताओं और सरकार के मंत्रियों तक को आंदोलन कर रहे किसानों की सेवा करने के निर्देश दिए। वहीं स्वयं केजरीवाल भी सेवादार बनकर आंदोलन कर रहे किसानों के बीच पहुंच चुके हैं। उन्होंने किसानों के लिए एक दिन का उपवास भी रखा है। 28 फरवरी को केजरीवाल मेरठ में किसानों की एक सभा को संबोधित करने भी जाएंगे।

निगम चुनाव का सेमीफाइनल है उपचुनाव : गोपाल राय

वहीं, नगर निगम उपचुनाव के मद्देनजर त्रिलोकपुरी वार्ड में शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। उसमें दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि पांच वार्डो का उपचुनाव आगामी नगर निगम चुनाव का सेमीफाइनल है। इसमें जीत जाते हैं तो वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव में तीनों नगर निगम में आप सत्ता में होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा के राज में नगर निगम विकास का कार्य नहीं करा पा रहे। दिल्ली में विकास की गति को बढ़ाना है, तो उपचुनाव में आप को वोट दें और दिलाएं।

इस दौरान विधायक आतिशी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए पांचों सीटों पर जीत का विश्वास दिलाया।

गोपाल राय ने सम्मेलन में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनमें जान फूंकने का काम किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम में बैठी भाजपा से जनता त्रस्त हो चुकी है। जनता चाहती है कि दिल्ली की तरह नगर निगम में आप आए, ताकि विकास को तेजी मिल सके। उपचुनाव के मद्देनजर त्रिलोकपुरी वार्ड में पदयात्र और डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया गया। जिसमें पार्टी के प्रत्याशी विजय कुमार जनता के बीच पहुंचे। लोगों ने उनका स्वागत किया।


Post a Comment

0 Comments