विकास दुबे के नाम से बनाए फेसबुक ग्रुप पर अब प्रापर्टी डीलिंग,असलहों की बिक्री भी आ चुकी सामने

विकास दुबे के नाम से बनाए फेसबुक ग्रुप पर अब प्रापर्टी डीलिंग,असलहों की बिक्री भी आ चुकी सामने

कानपुर। बिकरू कांड में मुख्य आरोपित दुर्दांत अपराधी विकास दुबे का नाम अब जालसाजी और धोखाधड़ी करने वाले ठग इस्तेमाल कर रहे हैं। विकास दुबे के नाम से फेसबुक पेज व ग्रुप बनाकर प्रापर्टी की डिलिंग करने की बात सामने आई है। इससे पहले विकास दुबे फैंस के नाम वाले पेज से असलहों की नीलामी कर ऑनलाइन बिक्री की जा रही थी। अब इसी तरह मकान, प्लॉट की फोटो भेजकर डीलिंग के लिए मोबाइल फोन नंबर दिए जा रहे हैं।

बिकरू कांड के आरोपित विकास दुबे के नाम से बने पंडित विकास दुबे (कानपुर वाला) फैंस क्लब नामक फेसबुक ग्रुप पर पिछले दिनों एक शख्स ने असलहों की फोटो डालकर उनकी अॉनलाइन बिक्री का विज्ञापन दिया था। जानकारी के बाद पुलिस हरकत में आई, लेकिन अब तक आरोपित का पता नहीं लगा सकी है। इधर, जांच में सामने आया है कि इस ग्रुप के साथ ही अन्य कई ग्रुपों व फेसबुक पेज पर भी विभिन्न तरह के विज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसमें प्रापर्टी की खरीद फरोख्त, नौकरी संबंधी विज्ञापन प्रमुख हैं। सभी विज्ञापनों पर नंबर दिए गए हैं, जिनमें फोन करने पर आरोपित पहले रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहते हैं और रकम की मांग करते हैं। एेसे में लोगों के साथ फर्जीवाड़ा होने की आशंका है।

विकास दुबे के नाम से बने फेसबुक पेज की जानकारी के बाद पुलिस हरकत में आई थी। इसी तरह के एक फेसबुक पेज पर बने ग्रुप को पुलिस ने बंद कराने की कोशिश की थी और फेसबुक प्रबंधन को पत्र भी भेजा था। इसके बाद भी पुलिस उसे बंद कराने में कामयाब नहीं हुई। अब फिर से पुलिस महकमा फेसबुक इंडिया को ईमेल भेजने की तैयारी कर रहा है।

एसपी ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के नाम से इंटरनेट मीडिया पर ग्रुप चलने की बात सामने आई है। संभवत: एेसे ग्रुप चलाने वाले विकास के समर्थक हैं। यही लोग विभिन्न तरह के विज्ञापन अपलोड कर रहे हैं। अगर किसी तरह की धोखाधड़ी या जालसाजी की शिकायत आती है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments