तीन दिवसीय लोकोत्सव कार्यक्रम का हुआ समापन

सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड स्थित अमारी गांव में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित अवधी लोक संगीत एवं कला का तीन दिवसीय लोकोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। लोकोत्सव का आयोजन सर्वांगीण विकास सेवा अकादमी अमारी वाया टीपी नगरा जौनपुर के सौजन्य से हुआ। समापन अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा क्षेत्रीय लोक कलाकारों ने संगीत कला के माध्यम से अपना जलवा बिखेरा। उन्नाव से आये बालाजी मिश्रा ग्रुप ने होली गीत एवं लोक नृत्य की अनुपम प्रस्तुति से लोगों का मनमोह लिया। लखनऊ के रितेश पपेट ग्रुप ने अपनी विशिष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए कठपुतली नृत्य से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जादूगर सुरेश ने जादुई कला से लोगों को अद्भुत रस का आस्वादन कराया। लोकनृत्य की सुन्दर प्रस्तुति राजू त्रिपाठी व अभिषेक तथा रीना एवं पूनम द्वारा की गयी। लोक संगीत की विभिन्न विधाओं में पारंगत सौरभ पाण्डेय, गौरव पाण्डेय, सुप्रिया त्रिपाठी, आकर्ष त्रिपाठी, अंकित मिश्रा व प्रखर पाण्डेय ने लोकगीत की मधुर प्रस्तुति से लोगों को भाव विभोर कर दिया। दयाशंकर पाण्डेय के ‘लगतइ फगुनवा करइ लोग हल्ला’ तथा सोनम सरोज लोकगीत पार्टी जौनपुर की ‘फागुन महिनवा आइ गइले’ होली गीत सुनकर लोग संगीत से ओतप्रोत हो गये। ब्रजेश पाण्डेय ने लोकगीत एवं होली-गीत, पूनम सिंह एवं राजेन्द्र त्रिपाठी ने संयुक्त स्वर में गीत प्रस्तुत कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। संस्था के अध्यक्ष दया शंकर पाण्डेय तथा सचिव इन्दु प्रकाश मिश्र ने संयुक्त रूप से आये हुए कलाकारों का आभार जताया। वहीं क्षेत्रीय कलाकारों में लालता प्रसाद विश्वकर्मा, राम कलप मौर्या, इन्द्रजीत सिंह, लालचन्द शर्मा, इस्लाम, विजय, श्याम बहादुर, लाल चन्द पाण्डेय, रामजीत मौर्य आदि ने लोक संगीत से जनमानस को भाव विभोर कर दिया।

Post a Comment

0 Comments