हवन से 94 प्रतिशत जीवाणुओं का होता है नाशः देवी प्रसाद


मछलीशहर, जौनपुर। शक्ति धाम छाछो (आनापुर) के 18वें स्थापना दिवस पर चल रहा धार्मिक अनुष्ठान शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस मौके पर देवी प्रसाद मिश्र ने कहा कि यज्ञ हवन में प्रयुक्त समिधा में औषधीय तत्व का उपयोग होता है जिसके चलते हवन कुंड से उठने वाले धुएं से वातावरण शुद्ध होता है। हर प्रकार के 94 प्रतिशत जीवाणुओं का नाश होता है। घर की शुद्धि, समृद्धि और सेहत के लिए हर घर में हवन करना चाहिए। हवन के साथ किसी मंत्र के जाप करने से सकारात्मक ध्वनि तरंगित होती है। उन्होंने कहा कि हवन महज एक धार्मिक क्रिया ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रक्रिया भी है। हवन या यज्ञ साधक के तन और मन को शुद्ध करने के साथ वातावरण को भी स्घ्वच्घ्छ करता है। हवन के धुएं से प्राण में संजीवनी शक्ति का संचार होता है। हवन के माध्यम से बीमारियों और विषाणुओं से छुटकारा पाने का जिक्र ऋग्वेद में भी है। उन्होंने मानस का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन सत्य था जिसका अनुश्रवण सभी को करना चाहिए। बता दें कि इसके पहले मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं हवन ने के बाद भंडारे का आयोजन किया गया जहां प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। इसके पहले बीते गुरुवार को दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। इस दौरान अनुष्ठान के पहले दिन माँ दुर्गा का भव्य श्रृंगार किया गया। माता रानी का अलौकिक रूप देख भक्त भाव-विभोर हो गए। इस दौरान कर्मकांड के विद्वान देवी प्रसाद मिश्र की देख-रेख में धार्मिक अनुष्ठान का प्रारंभ कराया गया। मालूम हो कि दुर्गा मंदिर की स्थापना वर्ष 2003 में हुआ था जो क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है। नवरात्रि पर्व के दौरान मां के दर्शन के लिए गांव के अलावा अन्य गांव के हजारों भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। बताते चलें कि मंदिर में स्थापित मां की प्रतिमा का प्रति वर्ष 4 मार्च को स्थापना दिवस पर भव्य श्रृंगार किया जाता है। साथ ही धार्मिक अनुष्ठान भी होता है। इस दौरान माता रानी के दरबार में लोग मां का दर्शन-पूजन कर कृपा प्राप्ति के लिए मनौती मांग रहे हैं। इस अवसर पर तमाम भक्तजनों की भीड़ उमड़ रही।

Post a Comment

0 Comments