कोरोना ने युवा पत्रकार संजय मिश्र को भी छीन लिया

बदलापुर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के पत्रकार युवा संजय मिश्र (40 वर्ष)  नहीं रहे। कोरोना संक्रमण के चलते रविवार को उनका निधन हो गया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित एपेक्स हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। वह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्री छोड़ गए हैं। लगभग दो दशक पूर्व लखनऊ से सन् 2000 में दूरदर्शन से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले संजय मिश्र वायरस की चपेट में आ गए थे। शुक्रवार रात तक वह अच्छी स्थिति में थे लेकिन शनिवार सुबह उनका आक्सीजन लेवल नीचे आने लगा। दो दिन से वेंटिलेटर पर थे लेकिन संजय मिश्र बचाए नहीं जा सके। वे राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। एकाउंटेंट पद पर कार्यरत होते हुए भी वे पत्रकारिता में रुचि रखते थे। उन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से की थी। विनम्रता, मिलनसारिता, सौम्यता के धनी श्री मिश्र ने विगत डेढ़ दशक के दौरान पत्रकारिता में विशिष्ट पहचान बनाई थी। उन्हें 25 दिसंबर 2019 को भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी के 96वें जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु अटल सम्मान से नवाजा गया था। पिछले वर्ष मुम्बई में नेशनल लाइफ स्टार अवार्ड 2020 से भी उन्हें सम्मानित किया गया था। उनके निधन पर कई शैक्षणिक, सामाजिक, व्यापारी, प्रशासनिक संगठनों और पत्रकार जगत ने शोक व्यक्त किया है। वहीं उनके निधन पर परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है।
फोटो संख्या 005 (फाइल फोटो)

Post a Comment

0 Comments