जलती लकड़ी से देवर ने भाभी के स‍िर पर क‍िया वार, इलाज के दौरान मौत,पुलिस ने भेजा जेल

जलती लकड़ी से देवर ने भाभी के स‍िर पर क‍िया वार, इलाज के दौरान मौत,पुलिस ने भेजा जेल

मुरादाबाद। शबे बरात के दिन प्राण घातक हमले में घायल एक महिला ने उपचार के दौरान महानगर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पति की तहरीर पर डिलारी पुलिस ने हत्यारोपित देवर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

कांठ थाना क्षेत्र में गुलड़िया माफी की रहने वाली हसीन जहां व उसकी सास अख्तरी के बीच शबेबरात की शाम सात बजे किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। पति महफूज के मुताबिक कहासुनी के दौरान ही उसका छोटा भाई निक्की उर्फ मुस्तफा घर पहुंचा। मां व भाभी के बीच झगड़ा देख युवक अचानक भड़क गया। उसने चूल्हे में जल रही लकड़ी से भाभी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे महिला को गंभीर चोटें आईं। पति ने हसीन जहां को तत्काल डिलारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां महिला की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। उपचार हेतु महिला को कांठ रोड स्थित कासमास अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को सुबह हसीन जहां सांसों की डोर टूट गई। सिविल लाइंस पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। महिला की मौत से उसके आठ वर्षीय बड़े पुत्र सरफराज, मतलूब व सोनू का रो रो कर बुरा हाल है। मृतका के पति की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपित देवर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी सतराज सिंह ने बताया कि हत्यारोपित गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments