घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, छानबीन में जुटी पुलिस

केराकत, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की रात दो की संख्या में बदमाशों ने घर में घुसकर असलहे के बल पर दो महिलाओं को बंधक बनाकर गहना व नगदी लूटकर फरार हो गये। रविवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। जानकारी होने पर एसपी राजकरन नय्यर घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी युवती का भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुम्बई रहता है। बस्ती से 100 मीटर की दूरी पर बने घर की रखवाली के लिये उसकी छोटी बहन रहती है, जो दिव्यांग और अविवाहित है। अकेली होने पर रात में रिश्ते में भाभी को साथ बुला लेती थी। दोनों रात में साथ सोती थी। पीड़ित महिलाओं के अनुसार शनिवार की रात दो लोग अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुस गये और असलहे के बल पर दोनों महिलाओं को कपड़े और रस्सी से बांधकर आंगन में फेंक दिया और घर में जमकर लूटपाट शुरू की। घर लूटने के बाद बदमाशों ने दोनों के साथ दुष्कर्म किया। एक घंटे बाद दोनों बदमाश फरार हो गये। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। सूचना मिलने पर केराकत कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस अधीक्षक एवं आलाधिकारियों सहित कई थानों की फोर्स पहुँचकर मामले की छानबीन में जुट गई। दोनों महिलाओं को मेडिकल मुआयना कराने के लिये पुलिस अपने साथ ले गयी। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से मांग किया कि मामले का अविलम्ब खुलासा किया जाय।

Post a Comment

0 Comments