सियासी बिसात में एक बार फिर चला धनंजय सिंह का सिक्का

सियासी बिसात में एक बार फिर चला धनंजय सिंह का सिक्का
जिला पंचायत "अध्यक्ष" पद पर भाजपा ने अपना दल एस को दिया सीट
श्रीकला धनंजय सिंह को मिल सकता है पार्टी से टिकट
सै.हसनैन क मर "दीपू"
जौनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए गुरूवार को भाजपा गठबंधन ने यह सीट अपना दल एस को जैसे ही मिली जिले का सियासी पारा गर्म हो गया। गौरतलब है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदारों में से एक पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह हैं। तो वहीं समाजवादी पार्टी ने स्व.राजबहादुर यादव के परिवार की बहु निशी यादव पर दांव लगाया है जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र यादव की पत्नी हैं। जिला भाजपा ने खुटहन के निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख नीलम सिंह पर अपना दांव लगाने का मन बनाया था लेकिन यह सीट गठबंधन दल को जाने से उनके मंसूबे पर पानी फिरता नजर आ रहा है। हालांकि पूर्व सांसद हरिबंश सिंह की बहु नीलम सिंह ने अभी तक अपनी हार नहीं मानी है और टिकट की दावेदारी के लिए जुटी हुई हैं। करीब दो दशक से जिले की राजनीति में अपना वर्चस्व व सिक्का जमाने वाले पूर्व सांसद धनंजय की सियासी बिसात में एक बार फिर जिला पंचायत अध्यक्ष पद की राजनीति घूमती हुई नजर आ रही है। पहले तो उन्होंने निर्वतमान अध्यक्ष राजबहादुर यादव की पत्नी को उन्हीं के क्षेत्र में करारी शिकस्त दिलाई और फिर अपनी पत्नी श्रीकला धनंजय सिंह को अध्यक्ष पद पर बैठाने के लिए गठबंधन का सियासी दांव खेलते हुए यह सीट अपना दल एस को दिलाने में सफलता हासिल कर ली। सियासी गणित और समीकरण को देखा जाये तो टिकट की प्रबल दावेदार अब श्रीकला के अलावा कोई नहीं रह गया है और लड़़ाई समाजवादी पार्टी से होती हुई साफ दिखाई पड़ रही है। ऐसे में धनंजय सिंह की राजनीतिक बिसात में शह और मात के खेल में धनंजय सिंह ने सभी को चारों खाने चित कर अपना राजनीतिक कद प्रदेश में बढ़ा दिया।

Post a Comment

0 Comments