5 पीढ़ियों ने एक साथ पंचवटी के पौधे रोपे

5 पीढ़ियों ने एक साथ पंचवटी के पौधे रोपे

पर्यावरण संरक्षण एवं बुजुर्गों के सम्मान का दिया गया संदेश

लोक दायित्व संस्था द्वारा हरियाली अमावस्या पर किया गया आयोजन

आज़मगढ़। हरियाली अमावस्या के पावन तिथि पर लोक दायित्व संस्था द्वारा कोयलसा ब्लॉक के सुरजीपुर गांव में परिवार के पांच पीढ़ियों के हाथों पंचवटी के पौधे वैदिक रीति-रिवाज से रोपित किए गए।

सुरजीपुर गांव के रामरेखा चौबे (119), रामरेखा चौबे(80), पौत्र सुशील कुमार चौबे (55), परपौत्र अमित कुमार(30) एवं पांचवीं पीढ़ी के आगम(4) के हाथों  पूर्व दिशा में पीपल, उत्तर में बेल, दक्षिण में आंवला, पश्चिम में बरगद एवं दक्षिण पूर्व में सीता अशोक का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया गया।

पौधरोपण कार्यक्रम के पूर्व वयोवृद्ध रामरेखा चौबे ने आज के ही दिन 1942 को शुरू हुए असहयोग आंदोलन और गांधी जी की बातों को बताया। उम्र के कारण बहुत सारी घटनाएं टुकड़ों टुकड़ों में आज भी उन्हें याद है। जॉर्ज पंचम के 1910 में राजा बनने की चर्चा भी की। देश की गुलामी को देखें हुए रामरेखा चौबे जी ने कहा कि जब देश आजाद हुआ तो सब एक गांव से दूसरे गांव में तिरंगा लेकर दौड़ रहे थे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य डॉ भगत सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम से पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ-साथ परिवार में बुजुर्गों के सम्मान करने का नई पीढ़ी को बढ़ा संदेश दिया गया है। 

इसी क्रम में संस्था द्वारा आयोजित  महाराजगंज ब्लॉक के भीलमपुर ग्राम में चार पीढ़ियों ने एक साथ आंवला का पौधरोपण किया। परिवार के मुखिया मानबहादुर सिंह (90 वर्ष) के साथ उनके पुत्र विनोद सिंह (60 वर्ष), प्रपौत्र रवि सिंह (34 वर्ष), एवं रवि सिंह की पुत्री शताक्षी (10 वर्ष) ने मिलकर पौधरोपण किया।

लोक दायित्व संस्था के पवन कुमार सिंह ने कहा कि पंचवटी की महत्ता को वैज्ञानिकों ने भी माना है। संस्था द्वारा जनपद में 100 पंचवटियों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।जिसकी शुरुआत हरियाली अमावस्या के पावन दिन पर आज इस गांव से की गई है। कार्यक्रम का संयोजन सुरेंद्र सिंह ने किया।

इस अवसर पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षक डॉ दिग्विजय सिंह राठौर, राम कथा वाचक अलंकार कौशिक, ग्राम प्रधान तोता सोनकर,हरि चौबे,  जिला उपाध्यक्ष धीरज सिंह,  परशुराम चौबे, केदारनाथ चौबे, विनोद, राजेंद्र मौर्य, अभिषेक चौबे, रमेश राजभर, राजकुमार, समेत तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments