जौनपुर में रिहायशी मकान धराशाही , 4 की दर्दनाक मौत , मचा कोहराम

जौनपुर में रिहायशी मकान हुआ धराशाही , 4 की दर्दनाक मौत , मचा कोहराम
आरिफ़ हुसैनी/ख़ालिद अंसारी
जौनपुर । शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रौज़ा अर्जन में गुरुवार की देर रात लगभग 11 बजे जर्जर दो मंजिला मकान धराशाई हो गया। इस दौरान एक दर्जन लोग मलबे में दब गए। जानकारी होने के बाद स्थानीय लोग व पुलिस प्रशासन राहत कार्य में जुट गया।
आधी रात करीब एक बजे चार लोगों की मौत और छह लोगों के घायल होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने दी । हालांकि, इसके बाद भी मलबे की तलाश की जा रही है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
सबसे पहले तीन लोगों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि मोहल्ला रौज़ा अर्जन में कमरूद्दीन व जलालुदीन का दो मंजिला मकान था। जो पुराना व जर्जर हो गया था। रात में एकाएक धराशाई हो गया। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे तीन लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। मलबे में अभी और लोगों के दबे होने की आशंका में मलबा हटाकर तलाश किया जा रहा है।
हादसा होने के बाद जानकारी होते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों के रात में दबे होने की वजह से आधी रात के बाद भी राहत और बचाव कार्य चलता रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की  देखरेख में पूरा राहत अभियान चल रहा है। लोगों के फंसे होने की आशंका में राहत व बचाव कर्मी सम्भलकर कदम मलबे पर उठा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार आधी रात के बाद पूरी तसल्ली होने के बाद ही अभियान खत्म किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments