जौनपुर कलेक्ट्रेट में पेट्रोल डाल नेत्रहीन वृद्ध ने किया आत्मदाह का प्रयास, जानिए क्या थी वजह

जौनपुर: कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को दोपहर 12 बजे एक फरियादी ने आत्मदाह की कोशिश की। कलेक्ट्रेट में उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेल लिया। हालांकि नज़र पड़ते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस पूछताछ के लिए उसे लाइन बाज़ार थाने ले गई। पीड़ित के अनुसार काफी समय से वह परेशान था। आरोप लगाया कि उसकी समस्या का निस्तारण न करके उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। इससे आजिज़ आकर उसने यह कदम उठाया था।
बदलापुर तहसील क्षेत्र के लेदुका गांव निवासी पांचूराम यादव (58) सुबह करीब 11:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। वह हाथ में झोला लिए डीएम ऑफिस की तरफ बढ़ रहे थे। जहां पता चला कि ज़िलाधिकारी नहीं हैं। इसके बाद करीब 12 बजे उसने झोले से पेट्रोल निकालकर अपने ऊपर उड़ेल लिया। वह जेब से माचिस निकाल ही रहा था कि नज़र पड़ते ही पुलिस कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। पांचू यादव का कहना है कि वह कई बार से भूमि संबंधी विवाद को लेकर प्रशासन से फरियाद लगा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे आजिज़ आकर उन्होंने आत्मदाह करने की कोशिश की। इस संबंध में थानाध्यक्ष लाइन बाज़ार अखिलेश कुमार मिश्रा का कहना है कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पूछताछ के बाद फरियादी को बदलापुर पुलिस को सौंप दिया गया। फरियादी आंख से नहीं देख पाता है। उसे किसी ने कलेक्ट्रेट तक पहुंचाया था।

Post a Comment

0 Comments