सरजू प्रसाद संस्थान ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सानवी को किया सम्मानित


जौनपुर। सरजू प्रसाद शैक्षिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान जज कालोनी में राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन हुआ। बालिका सुरक्षा जागरूकता जुलाई अभियान ‘कवच’ के मास्टर ट्रेनर एवं पूर्व अध्यक्ष चाइल्ड वेलफेयर कमेटी संजय उपाध्याय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यह दिवस बालिकाओं पर अभिमान, शान, सम्मान और गरिमा प्रदान करने वाला दिन है जो उन्हें किसी भी तरह के भेदभाव से मुक्त करता है। जैसे कन्या भ्रूण हत्या, लिंग भेद, बाल विवाह इत्यादि। आज बालिकाओं की सुरक्षा सर्वाधिक महत्वपूर्ण है जिसमें उन्हें स्वस्थ स्वच्छ वातावरण मिल सके। आज ही के दिन इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। इसी क्रम में आरती श्रीवास्तव ने कहा कि बालिकाएं हर क्षेत्र में आसमान को छु रही हैं। आज कोई भी क्षेत्र बालिकाओं के लिए अछूता नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, विज्ञान हर क्षेत्र में बालिकाएं अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। गंगोत्री सिंह ने कहा कि सानिया नेहवाल, मैरी कॉम, गीता फोगाट, पीवी सिंधु, पीटी उषा आदि खेल की दुनिया का भारत का बड़ा नाम है जो बालिका होने पर गर्व प्रदान करता है। इस दौरान सानवी सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कालेज के शिव कुमार सिंह, वैष्णवी श्रीवास्तव, स्नेहा राज श्रीवास्तव, सौम्या साहनी, सानवी श्रीवास्तव, भाग्यवंती आदि की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सभाजीत द्विवेदी ने किया।

Post a Comment

0 Comments