19वें स्थापना दिवस पर शुरू हुआ दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान


मछलीशहर, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के छाछो (आनापुर) गांव स्थित शक्ति धाम में मां दुर्गा के 19वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को मां दुर्गा का श्रृंगार महोत्सव हुआ। पहले दिन मां का भव्य श्रृंगार हुआ जिसके साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। कर्मकाण्ड के विद्वान देवी प्रसाद मिश्र की देख-रेख में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हुआ। उक्त दुर्गा मंदिर में वर्ष 2003 में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गयी। आस्था के केन्द्र बने इस मंदिर में विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। क्षेत्र के श्रद्धालु भक्त मां का दर्शन-पूजन करते हैं। मालूम हो कि नवरात्रि पर्व के दौरान मां के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिर में स्थापित मां की प्रतिमा का प्रति वर्ष 4 मार्च को स्थापना दिवस पर भव्य श्रृंगार किया जाता है। साथ ही धार्मिक अनुष्ठान भी होता है। अगले दिन हवन पूजन के पश्चात के भण्डारे का आयोजन किया जाता है। मां के भव्य श्रृंगार के पश्चात देवी प्रसाद मिश्रा की देख-रेख में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन चल रहा है जिसमें श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ जमा है। लोग मां का दर्शन-पूजन कर कृपा प्राप्ति के लिये मनौती मांग रहे हैं। साथ ही मंदिर पर चल रहे रामचरित मानस के संगीतमय पाठ में भी शामिल हो रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments