जन शिक्षण संस्थान में महिला दिवस का हुआ आयोजन


जौनपुर। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार के दिशा निर्देशन में जन शिक्षण संस्थान कार्यालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन निदेशक डा. सुधा सिंह के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि अनिल प्रथम (आईपीएस डीजी गुजरात) एवं विशिष्ट अतिथि किरन मिश्रा (महिला थानाध्यक्ष) रहीं। अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी संजय उपाध्याय पूर्व अध्यक्ष किशोर न्याय बोर्ड ने किया।  मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाओं को आगे आकर अपने अधिकारों को स्वयं पहचानना होगा। समाज में अपने को स्थापित करने के लिए आत्मनिर्भर बनना होगा। आज की महिलाएं पुरुषों से किसी भी मामले में पीछे नहीं हैं। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि महिलाओं को आगे आकर बगैर संकोच किये अपने अधिकारों को प्राप्त करना होगा और महिलाओं को समाज में बगैर डर के अपने को स्थापित करने की जरुरत है। कार्यक्रम में उपस्थित उपनिरीक्षक पन्ने लाल यादव ने कहा की महिला को अपने समाज अपने परिवार की मर्यादा को बचाये रखते हुए आत्मनिर्भर बनना चाहिये। अध्यक्षता कर रहे संजय उपाध्याय ने महिलाओं को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में बताते हुए कहा कि महिलाओं में इतनी आत्म शक्ति होती हैं कि वह एक परिवार नहीं, बल्कि दो-दो परिवार को संभालती हैं। निदेशक डा. सुधा सिंह ने संस्थान का परिचय कराते हुए संस्थान द्वारा संचालित गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुये सभी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर सुनील द्विवेदी लाइजन अधिकारी, रमाकांत सिंह उपनिरीक्षक महिला थाने की समस्त कांस्टेबल, कार्यक्रम अधिकारी रजनीश प्रताप सिंह, सहायक कार्यक्रम अधिकारी विनोद मिश्रा, कम्प्यूटर आपरेटर जितेन्द्र विश्वकर्मा, विनय कुमार, साधना श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी अवधेश श्रीवास्तव ने किया।

Post a Comment

0 Comments