हर घर में मासिक धर्म के बारे में खुलकर चर्चा करने की जरूरत : सीडीपीओ



 

किशोरी दिवस
-किशोरियों को एनीमिया, मासिक धर्म प्रबंधन, साफ-सफाई व आयरन युक्त भोजन के बारे में जागरूक किया गया
-नगर के 200 तथा सिरकोनी के 226 आंगनबाड़ी केंद्रों पर संभव अभियान के तहत हुआ आयोजन

जौनपुर, 31/08/2022।
नगर के 200 तथा सिरकोनी के 226 आंगनबाड़ी केंद्रों पर संभव अभियान के तहत किशोरी दिवस का आयोजन हुआ। इसके तहत नौ वर्ष से 19 वर्ष तक की किशोरियों को एनीमिया, मासिक धर्म प्रबंधन, साफ-सफाई तथा आयरन युक्त भोजन के बारे में जागरूक किया गया।
सिरकोनी के बाल विकास परियोजना अधिकारी सीडीपीओ मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि कुछ शोधों से पता चलता है कि 75 प्रतिशत किशोरियां मासिक धर्म होने को शर्मिंदगी की बात समझती हैं। 72 प्रतिशत किशोरियां मासिक धर्म के दौरान कपड़े का इस्तेमाल करती हैं। 27 प्रतिशत खुद सेनेटरी नेपकिन खरीद कर लातीं हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक सर्वव्यापी तथा प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसमें शर्मिंदा होने की कोई बात नहीं है। जरूरत है हर घर में मासिक धर्म के बारे में खुलकर चर्चा की जाए। इसके लिए आंगनबाड़ी के स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
सिरकोनी ब्लाक के आंगनबाड़ी केंद्र नेवादा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता यादव ने किशोरियों को बताया कि किशोरावस्था में तमाम शारीरिक परिवर्तन होते हैं। इसमें मासिक धर्म भी एक प्रमुख परिवर्तन है। मासिक धर्म सर्वव्यापी एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है। अहमदपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमिता ने बताया कि मासिक धर्म के दौरान नेपकिन का प्रयोग करना चाहिए। सेनेटरी नेपकिन उपलब्ध न होने पर सूखा और साफ कपड़ा प्रयोग करना चाहिए। कल्याणपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंद्रा प्रजापति ने बताया कि खून की कमी से एनीमिया रोग होता है। इसलिए आयरन युक्त भोजन करना जरूरी है। मनहन की गीता यादव ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह आयरन की गोली खाना चाहिए। खाने में ज्यादा से ज्यादा हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करना चाहिए। परियावां की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माधुरी ने कहा कि मासिक धर्म में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए और साफ-सुधरे कपड़े पहनना चाहिए। इसी तरह से राजेपुर की निर्मला, नाथूपुर की मंजू, सिरकोनी गांव की जयदेवी, समोपुर की मीरा रानी व शाहबड़ेपुर की आरती प्रजापति सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किशोरियों को जानकारी दी। वहीं नगर क्षेत्र में वाजिदपुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऊषा, नईगंज की किरन, असीरगढ़ टोला की शहनाज़ बानो,चकप्यार अली की कनीज ने किशोरियों को एनीमिया, मासिक धर्म प्रबंधन, साफ-सफाई तथा आयरन युक्त भोजन के बारे में जानकारी दी।

Post a Comment

0 Comments