पांच सितम्बर को शिक्षकों का होगा सम्मान



जौनपुर। तिलकधारी सिंह इण्टर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (सेवारत) की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें आगामी 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर संगठन द्वारा नवनियुक्त शिक्षकों का परिचय सम्मान तथा सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया जायेगा। 
उक्त जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (सेवारत) के प्रदेश अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. प्रदीप कुमार संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक, वाराणसी मण्डल वाराणसी, मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने जनपदीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि नवनियुक्त एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों से इस कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु सम्पर्क कर उन्हें समय से उपस्थित होने के लिये प्रेरित करें।

 वक्ताओं ने बैठक में जनपदीय समस्याओं पर चर्चा किया। जिलाध्यक्ष तेरस यादव ने जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुये कहा कि जब से ये आये हैं कार्यालय में कोई भी काम नहीं हो रहा है। हर काम में जान बूझकर लापरवाही बरती जा रही है। जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों के कार्यों में हीला हवाली भ्रष्टाचार को प्रश्रय देने के मकसद से किया जा रहा है। अभी तक एनपीएस की समस्या ज्यों की त्यों बनी है। 

कार्यकारी जिलाध्यक्ष डा. अतुल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किया। इसके बाद माध्यमिक शिक्षक संघ (सेवारत) का एक प्रतिनिधिमण्डल प्रदेश अध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव से मिलकर जिला विद्यालय निरीक्षक की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया। इस दौरान विजय बहादुर यादव, हसन सईद, दिलीप कुमार सिंह, सुनील सिंह, सन्तोष सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया। 

बैठक का संचालन जिला मंत्री ठाकुर प्रसाद तिवारी ने किया। इस अवसर पर इन्द्रपाल सिंह, योगेन्द्र सिंह, रामप्रकाश मुन्ना, जय प्रकाश यादव, आशुतोष सिंह राणा, मो. राफे, रविन्द्र प्रसाद मिश्र, ओम प्रकाश सिंह, अनिल यादव, सुरेश यादव आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments