कोई भी भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो : योगी

कोई भी भ्रष्टाचारी बचेगा नहीं चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो : योगी 
जौनपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कहां है कि कोई भी भ्रष्टाचारी बच नहीं सकेगा चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, हमने तय किया है कि भ्रष्टाचारी की संपत्ति को कुर्क करके सार्वजनिक उपयोग में लाई जा।
                            मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के पूर्व 258 करोड़ रुपए की लागत की 116 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया और उसके पश्चात मेडिकल कॉलेज के साथ ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण भी किया। इसके पश्चात सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया और वहीं पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों ने जितनी भी सम्पत्ति बनाई है, उसे कुर्क करके उसका सार्वजनिक उपयोग किया जाएगा और गरीबों के उपयोग में भी लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां दंगा करने वालों की सात पीढ़ियां याद करेंगी, कि यदि यहा दंगा करेंगे तो उसका परिणाम तुरंत मिल जाएगा। इसके लिए हमने कानून भी बना दिया है ।
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने भारत पर 200 वर्षों तक शासन किया, वह देश अपनी आजादी के 75 वर्षों में उसी ब्रिटेन को पछाड़कर आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में पहली बार लगा कि स्वाधीनता दिवस का पर्व सिर्फ सरकारी आयोजन नहीं है बल्कि इसमें जन.जन की भागीदारी है। सभी भारतवासियों ने हर घर तिरंगा फहराया। इसमें सम्पूर्ण देश की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री ने कहा “ हमारे देश को आजादी अचानक नहीं मिली इसके लिए अहर्निश प्रयास करना पड़े, अनगिनत बलिदान देने पड़े। भारत उन चंद देशों में से एक है जिसने कभी पराजय को स्वीकार नहीं किया बल्कि निरंतर लड़ता रहा। 
                             मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वाधीनता दिवस पर बताए गए पंच प्रणों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हम लक्षित संकल्पों से जुड़कर अपने अपने क्षेत्र के दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत को विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि चाहे वह छात्र हो, शिक्षक, किसान, उद्यमी, व्यापारी या समाज का कोई भी तबका, सबके मन मे ..देश प्रथम. का भाव होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें अपने क्षेत्र में कार्य करते हुए आत्मनिर्भर भारत के लिए कार्य करना होगा। पंचायतों और निकायों को हरेक कार्य के लिए सरकार पर निर्भर रहने की बजाय राजस्व के स्रोतों को बढ़ाना होगा। पीएम मोदी के पंच प्रण किसी व्यक्ति, मजहब, धर्म या क्षेत्र के लिए नहीं बल्कि देश की 135 करोड़ जनता के लिए मिलकर काम करने का मंत्र हैं।’
                                  उन्होंने कहा कि इसी क्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संकल्पों से जुड़कर शिक्षण संस्थान खुद को आदर्श केंद्र बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाएं पाठ्यक्रमों के साथ सरकार की योजनाओं की गहरी जानकारी रखें ताकि अध्ययन के बाद छात्र को कहीं भटकना न पड़े। योजनाओं की जानकारी से छात्र अध्ययन के साथ ही अपने आगामी लक्ष्य को तय कर सकेगा और लक्षित संकल्प से ही सिद्धि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधपरस्तों के चलते विकास की गाड़ी को ब्रेक लगा रहा, लेकिन डबल इंजन की सरकार में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस के चलते फिर से विकास का पहिया चल पड़ा है। 
उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, महिलाओं के लिए बिना भेदभाव के लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिसके लिए उन्होंने लोगों का आह्वान किया की इन कार्यों के लिए समाज को भी जागरूक होना पड़ेगा और सभी को सब कुछ कर गुजरने की क्षमता व ललक होनी चाहिए। 
उन्होंने मातृभूमि योजना के संबंध में बताते हुए कहाकि गांव में रहने वाले लोग यदि अपने पूर्वजों व परिजनों के नाम पर कोई भी सामुदायिक भवन, बरात घर व सड़क इत्यादि का निर्माण कराना चाहते हैं तो आधा पैसा उनका व आधा पैसा सरकार देगी। जबकि शिलापट्ट पर नाम उनके परिजनों व पुरखों का होगा। इसके लिए उन्होंने गांव से बाहर विभिन्न स्थानों पर बसे लोगों से आह्वान करने का भी निवेदन किया। उन्होंने कहाकि आत्मनिर्भर भारत की स्थापना तभी हो सकती है जब गांव आत्मनिर्भर होंगे, नगर आत्मनर्भर होगा। ऐसे में गांव और नगर स्वयं अपनी आय बढ़ाएं जिससे आत्मनिर्भर भारत की स्थापना हो सकेगी। 
                              उन्होंने कहा कि कानून के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा,प्रदेश सरकार कानून का राज स्थापित करने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
                             उन्होंने कहा कि जौनपुर का इत्र और इमरती निकट भविष्य में वैश्विक मंच पर पहुंचेगी, जौनपुर के इत्र को बचाए रखने के लिए मैं यहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देता हूं कि उन्होंने जौनपुर के प्रसिद्ध इत्र को आज तक बचाए रखा है। उन्होंने कहा कि जौनपुर एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है । यहां का मेडिकल कॉलेज चालू हो गया है, इसमें प्रथम वर्ष के एमबीबीएस के छात्र पढ़ रहे हैं। मैं चाहता हूं कि मेडिकल कॉलेज तेजी के साथ बनकर पूरा हो जाए।
उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस जौनपुर में एक लाख से अधिक प्रवासी बाहर से आए और यहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें कुशलतापूर्वक उनके घरों तक पहुंचाने का कार्य किया इसके लिए भी मैं बधाई देता हूं।
                                 इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद यादव, राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी, भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, डॉक्टर आरके पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू, एमएलसी विद्यासागर सोनकर ,पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह व भारतीय जनता पार्टी जौनपुर के अध्यक्ष पुष्पराज से सहित भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments