ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

खेतासराय। क्षेत्र के मनेछा गांव में दो दिन पहले ससुराल आए एक युवक की गुरुवार की रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के गांव से आए लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच नगर पंचायत माहुल निवासी 32 वर्षीय अशोक बिंद पुत्र सुरेश बिंद दो दिन पहले अपने ससुराल मनेछा गांव केशव बिंद के यहां आया था। घर वाले गांव में हो रहे रामलीला देखने गए थे। ससुराल वालों के अनुसार अर्द्ध रात्रि के बाद रामलीला खत्म होने पर घर पहुंचे तो घर के पास अशोक का शव एक पेड़ से लटकता मिला। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। सूचना पाकर सुबह होने तक मृतक के गांव से लोग मनेछा गांव पहुंचे। शव देख हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।


मृतक के भाई मुकेश के अनुसार अशोक की शादी वर्ष 2019 में खुटहन एक सामूहिक विवाह में मनेछा निवासी गायत्री देवी के साथ हुई था। उससे डेढ़ वर्ष का एक बेटा भी है। अशोक के माता पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह दिहाड़ी मजदूरी करके जीविका चलाता था। आरोप है कि पत्नी से अनबन के चलते उसकी हत्या की गई है। पतले सफेदा के पेड़ से कोई फांसी भला कैसे लगा सकता है? यदि फांसी लगाया था तो पुलिस को बुलाने से पहले शव क्यों उतारा गया? मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही मामला स्पष्ट हो पाएगा, फिलहाल जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments