कुटीर पीजी कॉलेज चक्के में विवेकानन्द जी की शिक्षा दर्शन की प्रासंगिकता पर गोष्ठी आयोजित

कुटीर पीजी कॉलेज चक्के में विवेकानन्द जी की शिक्षा दर्शन की प्रासंगिकता पर गोष्ठी आयोजित
पराऊगंज, जौनपुर। युगपुरूष स्वामी विवेकानंद जयंती पर कुटीर पीजी कॉलेज चक्के के शिक्षा संकाय में युवा भारत निर्माण में स्वामी विवेकानन्द के शिक्षा दर्शन की प्रासंगिकता पर वृहस्पतिवार को गोष्ठी हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा अर्चना एवं स्वामी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्राध्यापिका अंशिका, संध्या, तनु सिंह ने संयुक्त रूप से सरस्वती वंदना, सुधीर यादव ने भावांजलि तथा पूजा यादव, शिवांगी चौबे, अनुराधा पाल ने संयुक्त रूप से कुल गीत प्रस्तुत किया। डॉ रामेश्वर नाथ मिश्र ने अपने उद्बोधन में युवा भारत के निर्माण के लिए युवा शक्ति का आह्वान करते हुये चित्त की एकाग्रता पर जोर दिया।
इसी क्रम में डॉ नीता तिवारी ने अपने उद्बोधन में व्यक्तित्व के विकास के लिए स्वामी जी को समझने एवं अनुसरण करने पर बल दिया। उपेंद्र दूबे ने ज्ञान प्राप्ति के लिए तत्परता पर बल दिया तो छात्राध्यापक राजवीर सिंह ने स्वामी जी के जीवन वृतांत पर प्रकाश डाला। सुधीर कुमार ने उठो, जागो और अपने लक्ष्य की प्राप्ति विचार को उत्तम बताते हुए कहा कि हमें स्वयं पर विश्वास तथा धर्म का आदर करना चाहिए। सर्वजीत मिश्र ने आधुनिक शिक्षा पर विवेकानंद के प्रभाव पर व्याख्यान दिया।
छात्राध्यापिका तनू सिंह, ज्योति चौरसिया, अनुराधा पाल, सरोज सालिका, अंशिका चतुर्वेदी ने स्वामी जी के शैक्षिक, सामाजिक, दार्शनिक विचारों, उनके जन्म उत्सव विदेश यात्रा तथा प्रभाव पर व्यापक रूप से प्रकाश डाला। अंत में विभागाध्यक्ष डॉ सीबी पाठक ने सबका धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्वामी जी के उत्तम आदर्शों के मार्ग पर चलकर हम युवा भारत का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रवक्ता सतीश गुप्ता, पुस्तकालय अध्यक्ष विद्या निवास मिश्र, हितेंद्र दुबे, राकेश कश्यप सहित शिक्षा संकाय के अन्य छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकों की उपस्थिति रही।

Post a Comment

0 Comments