कचगांव, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत एक तारीख एक घंटा कार्यक्रम के तहत वृहद रूप से जनसहभागिता एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रम दान कर महासफाई अभियान को सफल बनाये जाने हेतु बोर्ड के विशेष बैठक हुई जहां अध्यक्ष फिरोज़ अहमद खान व अधिशासी अधिकारी आस्था पाठक द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि महात्मा गांधी की 154वीं जयंती के पूर्व यानी 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे अध्यक्ष सभासदगण व समस्त कर्मचारियों द्वारा नगर में स्वच्छता हेतु श्रम दान किया जाएगा जिसमें स्वच्छता ही सेवा अभियान के संबंध में रैली भी निकाली जाएगी। नगर पंचायत कचगांव में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाय जिसके संबंध में वृहद प्रचार प्रसार किया जायेगा। बोर्ड बैठक में स्वच्छता ही सेवा का संकल्प भी लिया गया कि हम सभी अपने नगर को स्वच्छ रखते हुए हमारा स्वच्छ उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करेंगे। इस अवसर पर सभासद आकाश सिंह, हैदर, सुनील, इजलाश, सरोजा देवी, फुलगेन देवी, राजकुमारी, कार्यालय लिपिक आसिफ खान, दिवाकर उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
0 Comments