सिरकोनी, जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के हौज टोल प्लाज़ा पर मंगलवार की शाम को टोल टैक्स को लेकर जमकर बवाल और मारपीट हुई जिससे टोल प्लाज़ा पर अफरा—तफरी मच गई।
टोल प्लाज़ा पर तैनात अरुण दुबे पुत्र हुबलाल दुबे निवासी बनकट थाना सुरियावां जनपद भदोही ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि टोल प्लाज़ा पर चार पहिया वाहन पर सत्यजीत यादव उर्फ मिंटू पुत्र हरिशंकर यादव एवं साहबराज यादव पुत्र स्व. रतिराम यादव निवासी सुरहुरपुर आये। टोल टैक्स न देने को लेकर बवाल किये जिसके बाद बिना टोल टैक्स दिये सिरकोनी बाजार की तरफ चले गये। इसके बाद बाइकों से कई लोगों के साथ दुबारा आकर टोल प्लाज़ा कर्मियों को गाली—गलौज देने लगे। उन लोगों ने सड़क पर लेटकर वाहनों को आने—जाने से रोक दिया। उसके बाद प्रबन्धक कर कार्यालय पर चढ़कर गालियां भी देने लगे। इसके बाद हाथापाई करने लगे। इस दौरान डर के कारण टोल प्लाज़ा पर अफरा—तफरी मच गयी। उधर सत्यजीत यादव के साथ रहे साहबराज यादव का कहना है कि हम मात्र दो किमी दूर बगल के ही गांव सुरहुरपुर के बीडीसी सदस्य हैं। हम लोगों के बताने के बाद भी हमारे साथ मारपीट व अभद्रता हुई। हम लोग केवल टोल प्लाज़ा के पहले कुछ लोग वसूली करते हैं। वह पूछने गये थे। उसके बाद हमारे साथ मारपीट हुई। टोल प्लाज़ा के प्रबंधक बालकृष्ण दुबे ने बताया कि यह लोग कैश कार्यलय तक आकर बवाल कर रहे थे।हमारे सीसी टीवी में सब रिकार्ड है। हालांकि दोनों पक्षों की तहरीर पर 5 ज्ञात तथा 2 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी टीवी फुटेज सहित अन्य जांच पड़ताल शुरू कर दी गयी है। वास्तविक दोषी पर कार्यवाही होगी।
0 Comments