नगर पालिका ने शहर को सजाया, स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता व तिरंगा अभियान को बढ़ावा
जौनपुर — स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने नगर क्षेत्र की समस्त जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारी, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार तथा नगर पालिका परिषद के समस्त कर्मचारियों के प्रति वह आभार व्यक्त करती हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि 15 अगस्त के अवसर पर पूरे नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। शाही पुल, सद्भावना पुल, अंबेडकर तिराहा सहित सभी प्रमुख चौराहों पर आकर्षक सजावट की गई है और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से "हर घर तिरंगा" अभियान में सक्रिय भागीदारी और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए बताया कि नगर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया है और मुख्य स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था तथा सजावट की गई है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वच्छता को प्राथमिकता दें।
नगरवासियों ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल शहर का सौंदर्य निखरा है बल्कि राष्ट्रीय पर्व का उत्साह भी दोगुना हो गया है।
0 Comments